जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव, मरीजों से सीधे संवाद कर जाना उपचार का हाल, सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव, मरीजों से सीधे संवाद कर जाना उपचार का हाल, सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 22 नवंबर 2026। राज्य शासन द्वारा आम नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती साहू द्वारा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की नियमित समीक्षा के साथ मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने जिला अस्पताल सारंगढ़ का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. वैष्णव ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का अवलोकन करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता तथा अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मरीजों से चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार, आवश्यक जांच, दवाइयों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए अस्पताल प्रबंधन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

**ओपीडी और आईपीडी की व्यवस्थाओं की ली विस्तृत जानकारी**

सीएमएचओ डॉ. वैष्णव ने जिला अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) एवं अंतरंग रोगी विभाग (आईपीडी) की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल से प्रतिदिन ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों की संख्या, अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता, आवश्यक जांच सुविधाओं तथा दवाइयों की व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।

उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएं तथा उपचार के दौरान उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

**मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश**

सीएमएचओ डॉ. वैष्णव ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं आत्मीय व्यवहार किया जाए। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुरूप समय पर चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के साथ मरीजों के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार भी स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में आपसी समन्वय बनाए रखने तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पात्र मरीजों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा जिले के शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को उनके नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) दीपक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं जिला अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image