कलम की आवाज की खबर का 24 घंटे में बड़ा असर! रनपुर स्कूल में शिक्षकों की कमी पर शिक्षा विभाग का त्वरित एक्शन, तीन शिक्षकों की व्यवस्था से बच्चों की पढ़ाई को मिलेगी नई रफ्तार


नारायणपुर । शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रनपुर में शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही बच्चों की पढ़ाई का मुद्दा कलम की आवाज द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया है। खबर प्रकाशित होने के महज 24 घंटे के भीतर विभाग ने तीन शिक्षकों को रनपुर स्कूल में व्यवस्था करते हुए अध्यापन कार्य करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। शिक्षा विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद जगी है।
जारी विभागीय आदेशों के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रनपुर में अध्यापन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। इनमें श्री पवन कुमार पैंकरा, शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिमड़ा; श्री सुमन साय बेक, शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पण्डरीपानी तथा श्री देवनारायण पटेल, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला रनपुर शामिल हैं। इन तीनों शिक्षकों को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रनपुर, विकासखंड बगीचा में आगामी आदेश तक अध्यापन कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है।
गौरतलब है कि रनपुर माध्यमिक शाला में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई को लेकर स्थानीय पालकों और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई थी। बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस समस्या को कलम की आवाज ने प्रमुखता से उठाया और शिक्षा विभाग का ध्यान आकर्षित कराया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित प्रशासनिक पहल की।
अब पढ़ाई में आएगी निरंतरता, गुणवत्ता सुधार की उम्मीद
तीन शिक्षकों की व्यवस्था होने से विद्यालय में अध्यापन कार्य को गति मिलने की संभावना है। इससे विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और विषयवार शिक्षण व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि शिक्षकों की उपलब्धता से बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता आएगी तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
पालकों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग का जताया आभार
शिक्षकों की कमी की समस्या पर त्वरित कार्रवाई होने से स्थानीय पालकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा से जुड़ी समस्या पर समय रहते संज्ञान लेकर तीन शिक्षकों की व्यवस्था करना सराहनीय पहल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि संबंधित शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
