29 नवंबर को काशी के पड़ाव बनेगी अघोर साधना और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र,महाविभूति स्थल में 24 घंटे गूंजेगा महामंत्र,अघोरेश्वर भगवान राम जी के महानिर्वाण दिवस पर देश-विदेश से उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, औघड़ बाबा गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में होगा भव्य आयोजन
वाराणसी के पड़ाव में 29 नवंबर को मनेगा परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का 35वां महानिर्वाण दिवस, देश-विदेश से जुटेंगे हजारों श्रद्धालु
औघड़ बाबा गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में दो दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन, 24 घंटे तक गूंजेगा अघोर महामंत्र का अखंड संकीर्तन
समाधि पूजन, श्रमदान, गोष्टी सफलयोनि पाठ एवं वैदिक हवन के साथ श्रद्धा और साधना में सराबोर होगा अघोरेश्वर महाविभूति स्थल

नारायणपुर। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का 35वां महानिर्वाण दिवस आगामी 29 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया जाएगा। वाराणसी के पड़ाव स्थित गंगातट पर अघोरेश्वर महाविभूति स्थल में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक और श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्य इस पावन अवसर पर शामिल होंगे।
यह भव्य धार्मिक आयोजन बाबा भगवान राम ट्रस्ट, श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद औघड़ बाबा गुरुपद संभव राम जी के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर एवं महाविभूति स्थल में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के आगमन, धार्मिक अनुष्ठानों, प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
श्रमदान और स्वच्छता अभियान से होगी आयोजन की शुरुआत
29 नवंबर को प्रातःकाल श्रद्धालुओं द्वारा आश्रम एवं अघोरेश्वर महाविभूति स्थल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान भक्तजन श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई में अपनी सहभागिता निभाएंगे। आयोजन में श्रम और सेवा को आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए श्रद्धालु स्वयं सेवा कार्यों में जुटेंगे।
महानिर्वाण दिवस के अवसर पर सुबह से ही कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सर्वप्रथम स्थल पर साफ-सफाई एवं श्रमदान किया जाएगा। इसके पश्चात परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की समाधि का पूजन, आरती, सफलयोनि का पाठ, विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात अघोर परंपरा के पावन मंत्र 'अघोरान्ना परो मंत्रः नास्ति तत्त्वं गुरोः परम्' के साथ 24 घंटे के अखंड संकीर्तन का शुभारंभ होगा।समाधि की परिक्रमा के साथ श्रद्धालुओं द्वारा "अघोरान्ना परो मन्त्रः नास्ति तत्त्वं गुरोः परम्" महामंत्र का अखंड संकीर्तन प्रारंभ किया जाएगा।यह संकीर्तन दिनभर और पूरी रात निरंतर चलता रहेगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु बारी-बारी से इसमें सहभागिता करेंगे। पूरे आश्रम परिसर में महामंत्र की गूंज के बीच वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहेगा।
आयोजन का समापन सोमवार 30 नवंबर 2026 को दोपहर में आरती-पूजन के साथ होगा। इसके साथ ही 24 घंटे तक चलने वाले अखंड संकीर्तन की पूर्णाहुति की जाएगी। इस धार्मिक आयोजन का संचालन एवं संयोजन श्री सर्वेश्वरी समूह, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) द्वारा किया जा रहा है।
देश-विदेश से पहुंचेंगे हजारों श्रद्धालु, प्रसाद और भंडारे की रहेगी व्यवस्था
अघोरेश्वर भगवान राम जी के महानिर्वाण दिवस का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि श्रद्धा, सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण अवसर भी होता है। इस अवसर पर देश के सभी राज्यों सहित विदेशों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्य पहुंचकर पुण्य का लाभ लेंगे।।
काशी के पावन गंगातट पर आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय कार्यक्रम अघोरेश्वर भगवान राम जी की स्मृतियों को नमन करने, उनके आध्यात्मिक संदेशों को आत्मसात करने और सेवा-साधना की परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर बनेगा। समाधि पूजन से लेकर अखंड महामंत्र संकीर्तन और सफलयोनि पाठ तक होने वाले विभिन्न अनुष्ठानों में श्रद्धालु पूरी आस्था और समर्पण के साथ सहभागी बनेंगे।
