बार-बार शिकायत के बाद भी पंचायत सचिव की उदासीनता बरकरार! रमसमा के भुरसाढाभ और बरटोली में आठ माह से खराब बोरिंग, वर्षों से बदहाल सड़क और स्ट्रीट लाइट का अभाव, आखिर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कब करेंगे जिम्मेदार?
ताजा खबरें


बड़ी खबर

बार-बार शिकायत के बाद भी पंचायत सचिव की उदासीनता बरकरार! रमसमा के भुरसाढाभ और बरटोली में आठ माह से खराब बोरिंग, वर्षों से बदहाल सड़क और स्ट्रीट लाइट का अभाव, आखिर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कब करेंगे जिम्मेदार?

भुरसाढाभ और बरटोली के ग्रामीण वर्षों से लगा रहे गुहार, आठ माह से खराब पड़ी बोरिंग की नहीं हुई मरम्मत, जंगल किनारे बसे होने से जंगली हाथियों का भी बना रहता है डर

नारायणपुर । विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भले ही तरह-तरह के दावे किए जाते हों, लेकिन बगीचा विकासखंड की ग्राम पंचायत रमसमा के दो मोहल्लों भुरसाढाभ और बरटोली की स्थिति इन दावों से अलग नजर आती है। यहां के ग्रामीण आज भी पेयजल, सड़क और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। विडंबना यह है कि वर्षों से इन समस्याओं को लेकर पंचायत के जनप्रतिनिधियों और सचिव के समक्ष गुहार लगाने के बावजूद अब तक उनका निराकरण नहीं हो पाया है। न तो खराब पड़ी बोरिंग की मरम्मत कराई जा रही है, न सड़क को आवागमन के योग्य बनाया जा रहा है और न ही बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पंचायत के इन दो मोहल्लों के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जिम्मेदार गंभीर क्यों नहीं हैं?

ग्राम पंचायत रमसमा के बरटोली मोहल्ले में पेयजल की समस्या सबसे अधिक बनी हुई है। यहां पानी की सुविधा के लिए दो बोरिंग हैं, लेकिन इनमें से एक बोरिंग पिछले आठ माह से खराब पड़ी है। दूसरी बोरिंग के सहारे ही पूरी बस्ती के लोग अपनी जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं। इसी एक बोरिंग से ग्रामीणों को पीने के पानी से लेकर नहाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए पानी लेना पड़ रहा है। एक ही बोरिंग पर पूरी बस्ती की निर्भरता होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब बोरिंग की मरम्मत कराने के लिए सरपंच और पंचायत सचिव को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन आज तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। आठ माह से खराब पड़ी बोरिंग की मरम्मत नहीं होना पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

वहीं भुरसाढाभ मोहल्ले में भी पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। यहां के ग्रामीणों को पानी की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त बोरिंग अथवा कुएं की आवश्यकता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बस्ती में पानी का एक और स्रोत उपलब्ध करा दिया जाए तो उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए काफी राहत मिल सकती है। लेकिन लंबे समय से मांग किए जाने के बाद भी उनकी इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

इन दोनों मोहल्लों की एक और बड़ी समस्या स्ट्रीट लाइट का अभाव है। जंगल के किनारे बसी इन बस्तियों में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली के खंभों पर कई महीनों से स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। ऐसे में रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। जंगल से सटे होने के कारण यहां जंगली जानवरों और हाथियों की आवाजाही का डर भी बना रहता है। अंधेरे में किसी जंगली जानवर के बस्ती में प्रवेश करने की आशंका ग्रामीणों की चिंता बढ़ाती है। इसके बावजूद पंचायत द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाने जैसी जरूरी व्यवस्था नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होना बेहद जरूरी है, ताकि लोग बिना भय के अपने घरों से बाहर निकल सकें।

सड़क की स्थिति भी इन दोनों मोहल्लों के ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। भुरसाढाभ और बरटोली तक पहुंचने के लिए सड़क तो है, लेकिन उस पर जगह-जगह बड़े-बड़े बोल्डर पड़े होने के कारण आवागमन करना बेहद मुश्किल है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते दोपहिया वाहनों से चलना तो दूर, पैदल आवागमन में भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मजबूरी में कई ग्रामीण जंगल के भीतर पगडंडी जैसा रास्ता बनाकर आना-जाना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इस मार्ग पर सीसी सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन पंचायत ने अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की है। सीसी सड़क निर्माण में समय लगने की स्थिति में कम से कम सड़क पर मुरुम बिछाकर उसे चलने योग्य बनाया जा सकता है, लेकिन ग्रामीणों की इस मांग पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

भुरसाढाभ निवासी सदानंद ने बताया कि बस्ती में सीसी सड़क निर्माण, मुरमीकरण और चबूतरा निर्माण जैसी मांगें कई वर्षों से की जा रही हैं। पंचायत सचिव को भी कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस्ती में सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है, लेकिन अब तक कोई काम नहीं हुआ है। वहीं इसी बस्ती की श्रीमती सुमित्रा ने बताया कि यहां पेयजल की सुविधा पर्याप्त नहीं है। ग्रामीणों को आसानी से पानी मिल सके, इसके लिए एक बोरिंग अथवा कुएं की आवश्यकता है। पानी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

बरटोली निवासी प्रदीप टोप्पो ने बताया कि बस्ती में दो बोरिंग हैं, जिनमें से एक पिछले आठ माह से खराब पड़ी है। पंचायत को कई बार इसकी जानकारी देने के बाद भी मरम्मत नहीं कराई गई। वर्तमान में एक ही बोरिंग से लोग पीने का पानी और नहाने सहित अन्य घरेलू जरूरतों का काम चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े बोल्डर होने के कारण आवागमन में बहुत परेशानी होती है। पंचायत से कई बार मुरुम बिछाने की मांग की गई, लेकिन आज पर्यंत तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

ग्रामीणों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए विभिन्न मदों में राशि उपलब्ध होती है। इसके बावजूद रमसमा पंचायत के इन दोनों मोहल्लों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। आखिर पंचायत की विकास योजनाओं और उपलब्ध निधियों का लाभ इन बस्तियों तक क्यों नहीं पहुंच रहा है? क्या इन मोहल्लों के ग्रामीण पंचायत के विकास कार्यों की प्राथमिकता में शामिल नहीं हैं? ग्रामीणों का कहना है कि वे समय पर मकान टैक्स सहित अन्य देय राशि जमा करते हैं, इसके बावजूद उन्हें पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी सामान्य सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।

सवाल यह भी है कि जब ग्रामीण लगातार अपनी समस्याओं से पंचायत के सरपंच और सचिव को अवगत करा रहे हैं, तो फिर उनके निराकरण के लिए पहल क्यों नहीं की जा रही है? आखिर ऐसा क्या कारण है कि भुरसाढाभ और बरटोली की समस्याएं वर्षों से जस की तस बनी हुई हैं? क्या पंचायत के जिम्मेदारों को इन बस्तियों की परेशानियां दिखाई नहीं देतीं या फिर इनकी समस्याओं को प्राथमिकता देना जरूरी नहीं समझा जा रहा है?

रमसमा पंचायत के इन दोनों मोहल्लों के ग्रामीणों के लिए खराब बोरिंग की मरम्मत, पेयजल के लिए अतिरिक्त व्यवस्था, सड़क पर मुरुम बिछाने, सीसी सड़क निर्माण और बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे कार्य उनकी प्राथमिक आवश्यकता हैं। अब जरूरत है कि संबंधित अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों बस्तियों का निरीक्षण करें और ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण कराएं, ताकि भुरसाढाभ और बरटोली के लोगों को भी बुनियादी सुविधाओं के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image