लंबे समय से बरसात में आवागमन की परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डूमरबहार–तमता मार्ग पर बुढ़ा नाला में 3.74 करोड़ की लागत से 69 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का निर्माण पूरा, क्षेत्रवासियों को मिली बारहमासी आवागमन की सुविधा, क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री साय का जताया आभार
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में डूमरबहार से तमता मार्ग पर शेखरपुर के पास बुढ़ा नाला में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है।पुल पर आवागमन प्रारंभ होने से अब क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।
इस उच्चस्तरीय पुल का निर्माण 373.73 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से कराया गया है। पुल की कुल लंबाई 69 मीटर है, जिसमें 23-23 मीटर के तीन स्पान बनाए गए हैं। पुल के साथ पहुंच मार्ग का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। इससे पहले बुढ़ा नाला में आवागमन के दौरान विशेषकर बरसात के दिनों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब उच्चस्तरीय पुल बनने से क्षेत्रवासियों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
*राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से सीधा संपर्क हुआ आसान*
इस पुल का निर्माण क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। पुल के माध्यम से यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के दोनों छोरों को जोड़ता है। इससे जिला मुख्यालय जशपुर सहित विधानसभा मुख्यालय एवं विकासखंड पत्थलगांव तक बारहमासी संपर्क सुगम हुआ है। स्थानीय नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और विकास कार्यों को भी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में आधारभूत संरचनाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कों और पुलों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ ही आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य हो रहे हैं।
उच्चस्तरीय पुल का निर्माण पूर्ण होने और आवागमन प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुल बनने से वर्षों से आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिली है और अब बरसात के दिनों में भी आवागमन बाधित होने की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
