जमानत पर जेल से बाहर आते ही फिर घिरे गौ तस्करी के मामले में, मनोरा पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, मूटू-जकबा जंगल से 8 गौवंशों को कराया गया था मुक्त
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जमानत पर जेल से बाहर आते ही फिर घिरे गौ तस्करी के मामले में, मनोरा पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, मूटू-जकबा जंगल से 8 गौवंशों को कराया गया था मुक्त

जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत ऑपरेशन शंखनाद में मनोरा चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी के एक पुराने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को चौकी मनोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मूटू-जकबा जंगल के रास्ते कुछ लोग गौवंशों को पैदल हांककर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 8 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया था। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी जंगल और रास्ते का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।

मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) एवं 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और जानकारी के आधार पर तीन व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कोतवाली के मामले में भी हो चुकी थी गिरफ्तारी

इस मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह भी सामने आई है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी इससे पहले भी गौ तस्करी के एक अन्य प्रकरण में पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में दर्ज गौ तस्करी के मामले में पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वे जेल से बाहर आ गए थे। इसी बीच मनोरा चौकी क्षेत्र के मूटू-जकबा जंगल में हुई गौ तस्करी की घटना में उनकी संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में यूसुफ अंसारी (43 वर्ष) एवं एजाज अंसारी (32 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर तथा मो. हलीम कुरैशी (32 वर्ष), निवासी ग्राम गोविन्दपुर, थाना जारी, जिला गुमला (झारखंड) शामिल हैं।

पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी मनोरा प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी मरकाम, सहायक उप निरीक्षक समुदान टोप्पो एवं प्रधान आरक्षक निर्मल बड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave Your Comment

Click to reload image