जंगल के रास्ते बेरहमी से हांककर ओडिशा ले जाए जा रहे थे 13 गौवंश, जशपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दो तस्करों को दबोचा, तीसरा फरार
जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऊपर कछार चौकी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे ऊपर कछार चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धवई टोली सिंगी बहार के तीन व्यक्ति बड़ी संख्या में गौवंशों को अवैध रूप से पैदल हांककर ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मुखबिर के बताए स्थान नामिनी आंगनबाड़ी, ऊपर कछार चौक के पास घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति गौवंशों को पैदल हांकते हुए ले जा रहे थे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान धनेश्वर यादव (40 वर्ष) और रविन्द्र राम (38 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम धवई टोली सिंगी बहार, चौकी ऊपर कछार, थाना तपकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उनसे गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से सभी 13 गौवंशों को मुक्त कराया।
पुलिस द्वारा बरामद गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद सभी पशुओं को सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर फरार आरोपी की पहचान कर ली है। उसकी तलाश जारी है। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ऑपरेशन शंखनाद के तहत लगातार कार्रवाई
गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद चलाया जा रहा है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से गौवंशों की अवैध तस्करी की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौवंशों की तस्करी पर लगातार नजर रख रही है। ऊपर कछार क्षेत्र में 13 गौवंशों को मुक्त कराते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, चौकी प्रभारी ऊपर कछार प्रशिक्षु उप निरीक्षक देविका मंडावी, चौकी प्रभारी करडेगा प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजकुमार सलाम, प्रधान आरक्षक अजय लकड़ा, सुधीर चंद्र तिग्गा, आरक्षक शिव कुमार महतो, सोनू सिंह एवं नगर सैनिक मुकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
