निजी फोटो-वीडियो वायरल कर युवती और परिवार को जान से मारने की धमकी, जशपुर पुलिस ने दिल्ली से आरोपी को दबोचा
जशपुर। निजी तस्वीर और वीडियो वायरल करने के साथ युवती व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 24 वर्षीय आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा, पिता कृष्ण पाल, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी और पीड़िता की पहचान वर्ष 2024 में 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो प्राप्त कर लिए तथा उनकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से इन तस्वीरों और वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया। इतना ही नहीं, बातचीत बंद करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले में 19 वर्षीय पीड़िता ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत बीएनएस की धारा 79, 351 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दिल्ली में मिला आरोपी, पुलिस टीम ने दबोचा
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के गृह ग्राम उत्तर प्रदेश में उसकी तलाश की, लेकिन वह घटना के बाद से फरार था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम को सक्रिय किया तथा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी। इसी दौरान आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी पुलिस को मिली।
जानकारी मिलने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में सिटी कोतवाली जशपुर से विशेष पुलिस टीम दिल्ली भेजी गई। टीम ने तलाश कर आरोपी को दिल्ली से हिरासत में लिया और जशपुर लेकर पहुंची।
मोबाइल फोन भी जब्त, व्हाट्सएप और गैलरी की जांच
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें दो सिम कार्ड उपयोग में पाए गए। पुलिस के अनुसार मोबाइल के व्हाट्सएप और गैलरी का गवाहों की मौजूदगी में अवलोकन किया गया तथा मोबाइल अवलोकन पंचनामा तैयार कर आवश्यक स्क्रीनशॉट भी लिए गए। पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने और आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता एवं आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया अथवा किसी ऑनलाइन माध्यम पर निजी तस्वीर या वीडियो के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग, धमकी अथवा अश्लील सामग्री के प्रसारण की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
