बाबा श्री समहू रत्न राम जी के महानिर्वाण दिवस पर महुआटोली में भव्य आयोजन, समाधि पूजन-हवन, विचार गोष्ठी, भंडारा एवं प्रसाद वितरण का रहेगा कार्यक्रम

नारायणपुर । परम पूज्य अवधूत बाबा श्री समहू रत्न राम जी के चतुर्थ महानिर्वाण दिवस के अवसर पर श्री समवर्ती समूह संस्थान देवस्थानम, महुआटोली, जिला जशपुर में 19 सितंबर 2026, शनिवार को विशाल भंडारा एवं पूजन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में श्रद्धालुओं से शामिल होकर पुण्य के भागी बनने की अपील की गई है।
आयोजन के तहत 18 सितंबर को "अघोरान्ना परो मंत्रः" का कीर्तन होगा। 19 सितंबर को सुबह साफ-सफाई के बाद सुबह 9 से 10 बजे तक समाधि का पूजन एवं हवन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे विचार गोष्ठी आयोजित होगी। दोपहर 1 बजे भंडारा, प्रसाद वितरण एवं वस्त्र वितरण किया जाएगा।
वहीं शाम 7:30 बजे से संध्याकालीन आरती प्रारंभ होगी तथा रात 8 बजे के बाद रात्रि प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि परम पूज्य बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी, पीठाधीश्वर की कुंड आश्रम, वाराणसी के सानिध्य में श्री समवर्ती समूह आश्रम, महुआटोली, कुनकुरी में यह आयोजन संपन्न होगा।
आयोजक मंडल ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने तथा परम पूज्य के आशीर्वाद का भागी बनने की अपील की है। कार्यक्रम का आयोजन श्री समवर्ती समूह संस्थान देवस्थानम, महुआटोली, पोस्ट कंडोरा, तहसील कुनकुरी, जिला जशपुर में किया जाएगा।
