बगिया से विज्ञान की नई उड़ान: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को दिखाई हरी झंडी, अब स्कूलों तक पहुंचेगा प्रयोगात्मक विज्ञान
जशपुर, 27 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कैम्प कार्यालय बगिया में बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ने के उद्देश्य से साइंस ऑन व्हील्स वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साइंस ऑन व्हील्स का उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अद्भुत संसार को स्कूलों तक पहुंचाना और बच्चों एवं युवा मन को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है। यह पहल विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विज्ञान की व्यावहारिक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास है, जहां आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों तक पहुंच सीमित है।
उल्लेखनीय है कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की पहल के अंतर्गत इस परियोजना को सहयोग प्रदान किया जा रहा है। साइंस ऑन व्हील्स परियोजना एक राष्ट्रीय पहल है, जिसे छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में प्लक्ष विश्वविद्यालय, IDYM फाउंडेशन और IIT मंडी के सहयोग से लागू किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल विज्ञान की जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें करके सीखने और प्रयोग करने का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम में चार प्रमुख मॉड्यूल के माध्यम से विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा—
अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी – ब्रह्मांड को समझना और नई उड़ान भरना।
रोबोटिक्स – भविष्य के लिए नवाचार और तकनीकी कौशल विकसित करना।
सतत विकास (Sustainability) – हमारे ग्रह को संवारना और बेहतर कल का निर्माण करना।
जल निस्पंदन (Water Filtration) – जल संरक्षण, स्वच्छ जल और वैज्ञानिक समाधान की समझ विकसित करना।
साइंस ऑन व्हील्स का उद्देश्य बच्चों को एक बार की गतिविधि तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें विज्ञान, नवाचार और तकनीक से लगातार जोड़कर उनकी जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना है। विभिन्न गतिविधियों, प्रयोगों, मॉडल एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने का ऐसा अनुभव दिया जाएगा, जिससे वे आगे चलकर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए विचारों और नवाचारों की ओर प्रेरित हो सकें।
3 राज्यों में कार्यक्रम
साइंस ऑन व्हील्स कार्यक्रम पंजाब, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में संचालित किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में इस पहल का उद्देश्य विज्ञान को विद्यार्थियों के और करीब लाना, युवा मन को सशक्त बनाना तथा नवाचार, वैज्ञानिक सोच और ज्ञान के माध्यम से एक सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय कलेक्टर श्री रोहित व्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेंद सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार एवं बड़ी संख्या में स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।
यह पहल विद्यार्थियों में सवाल पूछने, प्रयोग करने, समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने और भविष्य की तकनीकों को समझने की क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
