शिक्षकों के हक की आवाज लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दरबार पहुंचा शिक्षक संघ, गंभीरता से सुनी समस्याएं - TET शिक्षकों की पदोन्नति और वेतन विसंगति से लेकर पहाड़ी कोरवा शिक्षकों के D.El.Ed व विशेष नियुक्ति तक हर मुद्दे पर हुई अहम चर्चा
जशपुर/नारायणपुर। शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालय शिक्षक संघ, जिला जशपुर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पहाड़ी कोरवा जनजाति शिक्षकों को विभागीय D.El.Ed कराने, 2019 भर्ती के TET उत्तीर्ण शिक्षकों को नियमानुसार पदोन्नति देने, 5 वर्ष की सेवा पूर्ण नहीं करने वाले पात्र शिक्षकों को कार्यवर्ष में नियमानुसार छूट देने तथा सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला सचिव विजय कुमार पैंकरा, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोहर टोप्पो, कुनकुरी ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती कुसुम लता निषाद, पहाड़ी कोरवा जनजाति शिक्षक समुदाय के प्रभारी शिक्षक श्री विजय कुमार एवं सुश्री सुनीता बाई शामिल रहे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार होगी पदोन्नति प्रक्रिया
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पदोन्नति के विषय पर शिक्षकों से स्वयं चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि पदोन्नति प्रक्रिया माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार ही पूर्ण की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने 2019 भर्ती के TET उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों को नियमानुसार पदोन्नति देने तथा 5 वर्ष की सेवा पूर्ण नहीं करने वाले पात्र शिक्षकों को कार्यवर्ष में आवश्यक छूट प्रदान करने का आग्रह किया।
पहाड़ी कोरवा शिक्षकों के D.El.Ed एवं विशेष नियुक्ति पर चर्चा
विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा शिक्षकों को विभागीय D.El.Ed कराने के संबंध में पूर्व में दिए गए आवेदन का स्मरण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पहाड़ी कोरवा जनजाति शिक्षक समुदाय के प्रभारी श्री विजय कुमार एवं सुश्री सुनीता बाई से विशेष नियुक्ति संबंधी जानकारी स्वयं ली। प्रतिनिधियों द्वारा विषय की जानकारी दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने निश्चित रूप से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
वेतन विसंगति दूर करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सहायक शिक्षकों की लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति का शीघ्र निराकरण कर न्यायसंगत वेतन का लाभ देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
मुख्यमंत्री ने पर्सनल सेक्रेटरी को दिए निर्देश
प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद जिला कलेक्टर जशपुर श्री रोहित व्यास एवं पुलिस अधीक्षक/एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने अपने पर्सनल सेक्रेटरी को निर्देशित किया कि सभी मांगों का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को प्रेषित करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार एवं जिला सचिव विजय कुमार पैंकरा को भी आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
इस मुलाकात पर प्रांतीय अध्यक्ष धरमदास बंजारे ने दूरभाष के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया।
शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री के निर्देशों को सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि पहाड़ी कोरवा जनजाति शिक्षकों के विभागीय D.El.Ed, 2019 भर्ती TET शिक्षकों की पदोन्नति, कार्यवर्ष में छूट, विशेष नियुक्ति तथा सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति से जुड़े सभी विषयों पर शासन स्तर से शीघ्र नियमानुसार कार्रवाई होगी। संगठन ने कहा कि शिक्षक हित एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
