गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर कसा शिकंजा
ताजा खबरें


बड़ी खबर

गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर कसा शिकंजा

जशपुरनगर, 2 अगस्त 2026। जशपुर पुलिस ने 311.35 किलोग्राम गांजा तस्करी के चर्चित मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कुनकुरी पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर जयस्तंभ चौक, कुनकुरी में नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही इनोवा वाहन क्रमांक OD17J-0205 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, जिसके बाद आरोपी बोडोकछार-पुटपुटीपानी जंगल में वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 295 पैकेटों में कुल 311 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा, इनोवा वाहन, फर्जी नम्बर प्लेट तथा गांजा ढंकने में प्रयुक्त दो काले कपड़ों को जब्त किया था। इस संबंध में थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की सहायता से फरार चालक की पहचान रूप सिंह यादव (35 वर्ष) निवासी गांधी चौक, झारसुगड़ा (ओडिशा), वर्तमान निवासी टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी टीकमगढ़ में छिपा हुआ है। इसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर झारसुगड़ा स्थित उसके घर से घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन की मूल चाबी भी बरामद कर जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं। पुलिस ने इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राकेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे तथा आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर कार्य कर रही है। जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image