बकरी व्यापारियों से लूट करने वाले दो बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने बरामद किए पूरे रुपये और ब्रेजा कार
ताजा खबरें


बड़ी खबर

बकरी व्यापारियों से लूट करने वाले दो बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने बरामद किए पूरे रुपये और ब्रेजा कार

जशपुर, 2 अगस्त 2026। जशपुर जिले की कोतबा पुलिस ने बकरी व्यापारियों से लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी 1,600 रुपये की नगदी और घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार (CG04MU7732) भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी भोगी राम बंजारा निवासी करमीटिकरा फुलेता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जुलाई की रात वह अपने 12 बकरों तथा अन्य व्यापारी गोवर्धन यादव के 13 बकरों को छोटा हाथी वाहन (CG14MU0288) में लादकर हाड़ीपानी (लैलूंगा) बाजार बिक्री के लिए जा रहे थे। वाहन में चालक भोला यादव सहित अन्य लोग भी सवार थे।

31 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे ग्राम पीठाआमा के पास पीछे से आई ब्रेजा कार में सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने वाहन खड़ा कर रास्ता रोक लिया और 1,000 रुपये लूट लिए। इसके बाद पीछे आ रहे बकरी व्यापारी योगेश यादव और हेमंत यादव को भी रोककर उनसे 600 रुपये छीन लिए और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी कोतबा पुलिस ने अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत धारा 309(4) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश की और 24 घंटे के भीतर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्यकांत यादव (24 वर्ष), निवासी बेलडेगी, थाना पत्थलगांव तथा राहुल खलखो (24 वर्ष), निवासी सराईटोला, थाना बागबहार के रूप में हुई है। पुलिस ने सूर्यकांत यादव के पास से 1,000 रुपये, राहुल खलखो के पास से 600 रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त कर ली।

पूरे मामले की कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक छविकांत पैकरा तथा आरक्षक सुशील तिर्की, निर्मल नाग, पुस्तम यादव और दिलीप नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कोतबा क्षेत्र में हुई लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया गया है तथा ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image