खरसिया के कोड़तराई में साइकिल वितरण समारोह, छात्राओं के चेहरों पर खिली मुस्कान; गोपाल अग्रवाल बोले— सरकार की यह योजना ग्रामीण बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव
ताजा खबरें


बड़ी खबर

खरसिया के कोड़तराई में साइकिल वितरण समारोह, छात्राओं के चेहरों पर खिली मुस्कान; गोपाल अग्रवाल बोले— सरकार की यह योजना ग्रामीण बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव

रायगढ़/खरसिया। ग्रामीण अंचलों की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, कोड़तराई में निःशुल्क साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। शासन की महत्वाकांक्षी साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, जिससे वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकें और उनकी शिक्षा बाधित न हो।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति गोपाल अग्रवाल उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता दुर्गा शंकर चौधरी ने की, जबकि उमा शंकर साहू (सदस्य) एवं अतुल शर्मा (मंडल अध्यक्ष) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अपने संबोधन में गोपाल अग्रवाल ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की साइकिल वितरण योजना ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले स्कूल की दूरी और परिवहन की असुविधा के कारण कई छात्राओं को पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ती थी, लेकिन अब साइकिल मिलने से उनकी शिक्षा का मार्ग आसान होगा। इससे न केवल उनका आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि समय की भी बचत होगी, जिसे वे अपनी पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास में लगा सकेंगी।

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बेटियों को केवल स्कूली शिक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें उच्च शिक्षा के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला पंचायत एवं स्थानीय प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान नई साइकिलें प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। अंत में विद्यालय के प्राचार्य एवं शाला विकास समिति ने मुख्य अतिथि, सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave Your Comment

Click to reload image