"मां के नाम लगा एक पौधा, भविष्य को मिला हरियाली का तोहफा: जशपुर वनमंडल में जनभागीदारी के साथ चला व्यापक पौधरोपण अभियान"
नारायणपुर, 11 जुलाई। जशपुर वनमंडल में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में सभी ने अपनी मां के सम्मान में एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प भी लिया।
मिली जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र पत्थलगांव के परिक्षेत्र कार्यालय एवं वन परिसर बगीचा सहित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर, परिक्षेत्र कार्यालय कुनकुरी, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में वन सुरक्षा समितियों, स्वच्छता समूहों तथा स्थानीय नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री के आह्वान पर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोग अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाकर प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करें।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और जैव विविधता के संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। पेड़ न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि भूमि संरक्षण, जल संरक्षण, वन्यजीवों के संरक्षण तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पौधरोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्हें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रकृति के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को पौधों की सुरक्षा, नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि पौधा लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसकी नियमित देखभाल करना है।
वनमंडलाधिकारी ने बताया कि जशपुर वनमंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्रों, ग्राम पंचायतों, वन सुरक्षा समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा संगठनों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से लगातार पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे पौधों को केवल रोपित ही न करें, बल्कि उन्हें बच्चों की तरह संरक्षित कर बड़ा भी बनाएं। वन विभाग ने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से चल रहा यह अभियान भविष्य में हरित जशपुर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
