पहाड़ी कोरवा बस्ती में मोदी की 'मन की बात' का संदेश, जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने ग्रामीणों संग सुना प्रधानमंत्री का संबोधन, बोले— अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही मोदी सरकार का अटूट संकल्प
ताजा खबरें


बड़ी खबर

पहाड़ी कोरवा बस्ती में मोदी की 'मन की बात' का संदेश, जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने ग्रामीणों संग सुना प्रधानमंत्री का संबोधन, बोले— अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही मोदी सरकार का अटूट संकल्प

जशपुर/नारायणपुर । बगीचा विकासखंड के दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल पंडरीपानी पहाड़ी कोरवा बस्ती में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। शाहिडांड शक्ति केंद्र अंतर्गत बूथ क्रमांक 23 में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर प्रधानमंत्री के संदेश को सुना और कार्यक्रम के बाद पहाड़ी कोरवा परिवारों से आत्मीय संवाद भी किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा, नवाचार, युवा शक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उपस्थित ग्रामीणों ने पूरे कार्यक्रम को गंभीरता से सुना और प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पहाड़ी कोरवा समाज के महिला-पुरुषों, युवाओं और बुजुर्गों से अलग-अलग चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय जरूरतों और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों से उन्हें अवगत कराया। अरविंद गुप्ता ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि पात्र हितग्राही सभी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार लाएं और शासन की विकास यात्रा के सहभागी बनें।

इस अवसर पर अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के परिवारों का सामाजिक और आर्थिक उत्थान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 'मन की बात' आज केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रहित के कार्यों, सामाजिक सरोकारों और जनभागीदारी से जोड़ने वाला एक प्रभावशाली अभियान बन चुका है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे प्रेरणादायक प्रयासों की जानकारी लोगों तक पहुँचती है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम में उपस्थित पहाड़ी कोरवा समाज के लोगों ने भी प्रधानमंत्री के संदेशों की सराहना करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों की जानकारी मिलती है और समाज के विकास में भागीदारी निभाने की नई प्रेरणा प्राप्त होती है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहाड़ी कोरवा समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और आत्मीयता का वातावरण बना रहा तथा ग्रामीणों ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता का संकल्प दोहराया।

Leave Your Comment

Click to reload image