अवैध महुआ शराब कारोबारियों पर आबकारी विभाग ने कसा शिकंजा, ताबड़तोड़ छापेमारी कर 35 लीटर से अधिक शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
रायगढ़, 22 जून 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35.600 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। कलेक्टर के निर्देश एवं सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत घरघोड़ा और खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी वृत्त घरघोड़ा की टीम ने महलोई गांव में कार्रवाई करते हुए तुलसा अगरिया के कब्जे से 16.400 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की। इसके बाद नवापारा वार्ड क्रमांक-08 में दबिश देकर राखी बाई पैकरा के घर से 9 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई।
इसी क्रम में आबकारी वृत्त खरसिया की टीम ने बरगढ़ गांव में छापेमारी कर प्रताप कुमार उरांव के कब्जे से 10.200 लीटर महुआ शराब बरामद की। तीनों मामलों में शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया।
विभाग ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
