क्या आप भी किसी की जिंदगी बचाने के लिए आगे आएंगे? 16 जून को चैनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में विशाल रक्तदान शिविर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील
चैनपुर। मानव सेवा और जनकल्याण की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 16 जून 2026 (मंगलवार) को प्रखंड कार्यालय परिसर, चैनपुर में प्रातः 10:30 बजे से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आयोजकों द्वारा चैनपुर प्रखंड अंतर्गत सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, गैर सरकारी संगठनों (NGO), जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा प्रबुद्ध नागरिकों से इस पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
रक्तदान शिविर के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज, दुर्घटना पीड़ित, गर्भवती महिला अथवा अन्य जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
आयोजकों ने सभी विभागाध्यक्षों से आग्रह किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। साथ ही आम नागरिकों से भी इस जनहितकारी अभियान का हिस्सा बनने और मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की गई है।
रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया जाएगा तथा सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण की व्यवस्था की जाएगी।
मानवता की सेवा का अवसर, आइए रक्तदान कर किसी अनजान व्यक्ति की जिंदगी बचाने में बनें सहभागी
रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं बल्कि मानवता के प्रति हमारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस लोककल्याणकारी अभियान को सफल बनाने की अपील की गई है।
