हल्की बारिश ने फिर खोल दी बिजली विभाग की तैयारियों की पोल! साढ़े चार घंटे से ज्यादा अंधेरे में डूबे गांव
नारायणपुर। क्षेत्र में रविवार शाम हुई हल्की बारिश के साथ ही बिजली व्यवस्था एक बार फिर पूरी तरह चरमरा गई। शाम करीब 4 बजे बारिश शुरू होते ही नारायणपुर सब स्टेशन से जुड़े विभिन्न फीडरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे कई गांव अंधेरे में डूब गए। समाचार लिखे जाने तक साढ़े 4 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में बिजली गुल होना अब क्षेत्र की स्थायी समस्या बन चुकी है। हर वर्ष बिजली विभाग द्वारा बरसात पूर्व मेंटेनेंस और सुधार कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश की पहली फुहार के साथ ही बिजली व्यवस्था जवाब दे देती है। इससे विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार बारिश के मौसम में फॉल्ट, जंफर कटने, तारों में शॉर्ट सर्किट और तकनीकी खराबियों की समस्या लगातार बनी रहती है। इसके कारण थोड़ी सी बारिश या तेज हवा चलने पर भी घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। बार-बार होने वाली इस समस्या से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति इसलिए भी गंभीर हो जाती है क्योंकि यह क्षेत्र हाथी प्रभावित माना जाता है। वहीं बरसात के मौसम में सांप-बिच्छू सहित अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने के साथ-साथ बार-बार होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बरसात के पूरे मौसम में उन्हें इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
