महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेगा बैंक ऋण का बड़ा अवसर, 16 जून को कुनकुरी जनपद परिसर में लगेगा विशेष ऋण एवं बैंक लिंकेज मेला
नारायणपुर/कुनकुरी। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कलेक्टर के निर्देश पर जनपद पंचायत कुनकुरी एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत 16 जून 2026 को जनपद पंचायत परिसर कुनकुरी में विशेष ऋण एवं बैंक लिंकेज मेले का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण प्रकरणों का निराकरण कर उन्हें स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
जनपद पंचायत कुनकुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा क्षेत्र के प्रमुख बैंकों के शाखा प्रबंधकों को पत्र जारी कर कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र के अनुसार बैंक अधिकारियों को अपने यहां लंबित ऋण प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रक्रिया में लाने और ऋण मेले से पहले सभी मामलों का सत्यापन सुनिश्चित करने कहा गया है।
इस विशेष आयोजन में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक सहित अन्य बैंक शाखाओं की भागीदारी रहेगी। सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूहों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
बिहान योजना के तहत गठित महिला समूह आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी बन चुके हैं। बैंक ऋण मिलने से ये समूह कृषि, पशुपालन, लघु उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, सिलाई-कढ़ाई तथा अन्य आयवर्धक गतिविधियों को विस्तार दे सकेंगे। इससे न केवल महिलाओं की आय बढ़ेगी बल्कि गांवों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रशासन को उम्मीद है कि यह ऋण मेला महिला स्व-सहायता समूहों की वित्तीय पहुंच बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। ग्रामीण महिलाओं के लिए यह आयोजन बैंकिंग सुविधाओं से सीधे जुड़ने और अपने व्यवसायिक सपनों को नई उड़ान देने का बड़ा अवसर माना जा रहा है।
