वर्षों की सेवा का मिला सम्मान: जशपुर में भृत्यों को मिली बड़ी सौगात, सहायक ग्रेड-3 पद पर पदोन्नति से खुशी की लहर, कर्मचारियों ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न
जशपुर। जिला प्रशासन की पहल से शिक्षा विभाग के लंबे समय से पदोन्नति की राह देख रहे कर्मचारियों को बड़ी सौगात मिली है। संवर्ग टी एवं संवर्ग ई के अंतर्गत वर्षों से भृत्य पद पर कार्यरत कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदोन्नत किया गया। पदोन्नति आदेश मिलते ही कर्मचारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और कार्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने पदोन्नत कर्मचारियों को औपचारिक रूप से पदोन्नति आदेश वितरित किए। आदेश प्राप्त करने के बाद कर्मचारियों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई कर्मचारियों ने इसे अपने लंबे सेवाकाल का सबसे यादगार क्षण बताया।
जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा ने बताया कि कलेक्टर जशपुर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निर्देशानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया संपन्न की गई। उन्होंने कहा कि भृत्य संवर्ग के अनेक कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति से वंचित थे, जिनकी वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हुई है।
जानकारी के अनुसार संवर्ग टी के 29 कर्मचारियों तथा संवर्ग ई के 4 कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति आदेश वितरण के दौरान कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पदोन्नति की खुशखबरी मिलते ही कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों का कहना है कि इस निर्णय से न केवल उनकी कार्यक्षमता और मनोबल बढ़ेगा, बल्कि वर्षों की सेवा का उचित सम्मान भी मिला है।
जशपुर शिक्षा विभाग में हुई इस पदोन्नति को कर्मचारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद मिले इस अवसर ने कर्मचारियों के परिवारों में भी खुशी का माहौल बना दिया है। कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रशासन के सकारात्मक निर्णय से उन्हें नई ऊर्जा और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।
