"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान में उमड़ा जनसैलाब, इंजको और महुआ टिकरा में हुआ सामूहिक पौधरोपण-गोमती साय की अपील- सिर्फ पौधा लगाना नहीं, उसे वृक्ष बनाकर आने वाली पीढ़ियों को दें हरियाली की सौगात
नारायणपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इंजको एवं महुआ टिकरा पूरन तालाब में आयोजित "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश पूरे क्षेत्र में गूंजता नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर पौधरोपण किया।
इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ने पौधरोपण करते हुए कहा कि वृक्ष केवल छाया और ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव भी तैयार करते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जन-जन की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो क्षेत्र को हराभरा बनाने का सपना आसानी से साकार हो सकता है।
गोमती साय ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि पौधरोपण को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि लगाया गया पौधा तब तक सुरक्षित रहना चाहिए जब तक वह एक मजबूत वृक्ष का रूप न ले ले।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। पौधरोपण स्थल पर हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
