सुशासन शिविर खारीबहार में मेधावियों का हुआ भव्य सम्मान, 5वीं-8वीं से लेकर 10वीं-12वीं तक के टॉपर्स पर बरसी तालियां, फरसाबहार शिक्षा जगत ने रचा सफलता का नया इतिहास
नारायणपुर। विकासखंड फरसाबहार के खारीबहार में आयोजित सुशासन शिविर उस समय शिक्षा उत्सव में बदल गया, जब विभिन्न संकुलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरों पर भी गर्व और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विकासखंड फरसाबहार का शैक्षणिक परिणाम इस वर्ष काफी बेहतर और सराहनीय रहा है। केंद्रीयकृत परीक्षा कक्षा पांचवीं एवं आठवीं के साथ-साथ बोर्ड परीक्षा कक्षा दसवीं और बारहवीं में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विकासखंड का नाम रोशन किया है। इसी उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सुशासन शिविर में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
खारीबहार शिविर के अंतर्गत छह संकुलों के विद्यालय शामिल रहे, जिनमें चार हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भी शामिल हैं। इन संकुलों से कुल 26 छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सभी मेधावियों को मंच पर बुलाकर प्रमाण-पत्र, पुरस्कार और शुभकामनाएं प्रदान की गईं।
संकुल केंद्र अंकिरा से कक्षा पांचवीं में अंश यादव एवं चंदना चक्रेश, कक्षा आठवीं में राज चौहान एवं फिजा साव, कक्षा दसवीं में प्रिंस कुमार पंडा तथा कक्षा बारहवीं में सौम्य साव को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के नामों की घोषणा होते ही उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसी प्रकार संकुल केंद्र कोरंगामाल से कक्षा पांचवीं में चन्द्रमा चौहान, विनय नायक, आशना लकड़ा और काव्या सोरेन, कक्षा आठवीं में लक्षित साह एवं सरोन लकड़ा, कक्षा दसवीं में आकांक्षा तिर्की तथा बारहवीं में प्रेरणा टोप्पो को सम्मान प्रदान किया गया। इन विद्यार्थियों की सफलता को क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
संकुल केंद्र बाबूसाजबहार से कक्षा पांचवीं के संस्कार डनसेना एवं कक्षा आठवीं की निहारिका साने को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार दिया गया। वहीं संकुल केंद्र बारो से कक्षा पांचवीं में मालती यादव, कक्षा आठवीं में मधुबाला तथा कक्षा दसवीं में प्रियंका सिदार को सम्मानित किया गया।
संकुल केंद्र लवाकेरा के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यहां से कक्षा पांचवीं में ज्योत्सना सिंह एवं देवाशीष चौहान, कक्षा आठवीं में आयुष जयपुरिया, कक्षा दसवीं में भारती विश्वकर्मा तथा कक्षा बारहवीं में कुसुम सिंह को सम्मान मिला। वहीं संकुल केंद्र गारीघाट से कक्षा पांचवीं की देवान्ती पैंकरा एवं कक्षा आठवीं की रश्मि पैंकरा को पुरस्कार प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और पालकों का सहयोग मिलकर सफलता की नई कहानियां गढ़ता है। मेधावियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुलारी सिंह उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या सिंह, जनपद सदस्य श्री वासुदेव नायक, श्रीमती अम्बिका बड़ाइक, श्री हरीशंकर यादव, श्री राजकुमार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष तपकरा श्री दिलीप साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री कपिलेश्वर सिंह तथा भाजपा युवा मोर्चा के श्री सत्यम सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा अनुभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार फरसाबहार एवं तपकरा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बीईओ, सहायक बीईओ, बीआरसी, संकुल शैक्षिक समन्वयक, प्राचार्य, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सुशासन शिविर में हुए इस सम्मान समारोह ने न केवल मेधावी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि यह भी साबित किया कि ग्रामीण अंचलों के बच्चे प्रतिभा और परिश्रम के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना की गई।
