जशपुर के अघोर पीठ में आधी रात से उमड़ी आस्था और उम्मीद की भीड़, बाबा भगवान राम ट्रस्ट के निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर में छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उड़ीसा और मध्यप्रदेश से पहुंचे मरीज, 77 लोगों को वितरित की गई फकीरी एवं आयुर्वेदिक द
जशपुर 10 मई 2026 : जिले के गम्हरिया स्थित अघोर पीठ, वामदेव नगर में रविवार को बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर द्वारा निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सुबह तड़के शुरू हुए इस शिविर में छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उड़ीसा और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों से आए मरीजों ने हिस्सा लिया। शिविर में कुल 77 मरीजों को मिर्गी रोग की फकीरी एवं आयुर्वेदिक दवा वितरित की गई, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल रहे।
शिविर का शुभारंभ प्रातः 4 बजे परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के चित्र पर पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया गया। ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने बताया कि मिर्गी की फकीरी दवा सूर्योदय से पहले पान के पत्ते पर देने की परंपरा है। इसी वजह से अधिकांश मरीजों को एक दिन पहले ही आश्रम परिसर में बुला लिया गया था, ताकि समय पर उन्हें दवा दी जा सके।
पूजन के बाद मरीजों को क्रमवार फकीरी दवा दी गई और साथ ही आयुर्वेदिक औषधि भी वितरित की गई। दवा वितरण के लिए विशेष रूप से वैद्य रंजीत सिंह एवं उनके सहयोगी ऋषभ सिंह मौजूद रहे। वैद्य रंजीत सिंह ने मरीजों और उनके परिजनों को दवा सेवन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और परहेज के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में झारखंड के रांची, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, चतरा, टाटा, डाल्टनगंज, गढ़वा, पलामू और मनोहरपुर, बिहार के भागलपुर, मध्यप्रदेश के राजगढ़ तथा उड़ीसा के वीरमित्रपुर से भी मरीज पहुंचे थे। वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, भिलाई, सक्ती, कोरबा, सरगुजा, रायगढ़, कोरिया, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर, सूरजपुर, पत्थलगांव, कांसाबेल, मनोरा, कुनकुरी, बगीचा, दुलदुला और जशपुर सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज अपने परिजनों के साथ शिविर में पहुंचे।
आश्रम परिसर में सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ लगी रही। ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने मरीजों के ठहरने, भोजन और दवा वितरण की व्यवस्था संभाली। शिविर के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक और सेवा भाव का माहौल देखने को मिला।
बाबा भगवान राम ट्रस्ट की ओर से जानकारी दी गई कि अगला निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर आगामी 23 अगस्त 2026 को इसी अघोर पीठ, वामदेव नगर, गम्हरिया आश्रम में आयोजित किया जाएगा। मरीजों को निर्देशित किया गया है कि वे 22 अगस्त की शाम तक आश्रम परिसर में पहुंच जाएं, ताकि निर्धारित समय पर दवा दी जा सके।
शिविर को सफल बनाने में पी.के. श्रीवास्तव, संतोष मिश्र, प्रशांत सिंह, सत्येन्द्र सिंह (मामा), अखिलेश यादव, शिवम अक्षय सिंह और सुशील चौधरी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उल्लेखनीय है कि बाबा भगवान राम ट्रस्ट द्वारा पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के मार्गदर्शन में कई वर्षों से निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ट्रस्ट के द्वारा बताया गया कि इन शिविरों से अब तक अनेक मरीजों को लाभ मिल चुका है।
