पत्थलगांव में मौसम का कहर और राहत का दोहरा वार: तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों पर संकट, लेकिन भीषण गर्मी से मिली बड़ी राहत
जशपुर। जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में मौसम ने शनिवार को अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया। दोपहर बाद आसमान में काले घने बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में मौसम ने और विकराल रूप ले लिया, जब बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि भी हुई।
तेज हवाओं की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, वहीं खेतों में खड़ी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। खासकर आम, लीची और हरी सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कई किसानों ने बताया कि ओलों की मार से फलों और सब्जियों को गंभीर क्षति पहुंची है, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडरा रहा है।
हालांकि, इस अचानक बदले मौसम ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत भी दी है। पिछले कई दिनों से पड़ रही तपती गर्मी और उमस के बीच यह बारिश किसी राहत की फुहार से कम नहीं रही। तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने सुकून की सांस ली।
