सुशासन तिहार का ऐतिहासिक आगाज: सुदूर चंदागढ़ में अचानक उतरे मुख्यमंत्री, बरगद की छांव में सजी जनचौपाल, सौगातों की झड़ी और ‘लखपति दीदी’ की सफलता कहानी बनी सबसे बड़ा आकर्षण
ताजा खबरें


बड़ी खबर

सुशासन तिहार का ऐतिहासिक आगाज: सुदूर चंदागढ़ में अचानक उतरे मुख्यमंत्री, बरगद की छांव में सजी जनचौपाल, सौगातों की झड़ी और ‘लखपति दीदी’ की सफलता कहानी बनी सबसे बड़ा आकर्षण

 

जशपुर, 3 मई 2026। सुशासन तिहार के पहले ही दिन जशपुर जिले के सुदूर चंदागढ़ में उस वक्त जबरदस्त हलचल मच गई, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर अचानक गांव में उतरा। मुख्यमंत्री के आगमन की खबर मिलते ही ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी और पूरे गांव ने पारंपरिक अंदाज में उनका भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री सीधे पत्थलगांव विकासखंड के भैंसामुड़ा पहुंचे, जहां बजरंग बली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद गांव के बरगद पेड़ के नीचे जनचौपाल सजी, जहां मुख्यमंत्री ने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस आत्मीय अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “आज सरकार खुद आपके द्वार तक आई है, सुशासन तिहार 1 मई से 10 जून तक चलेगा और इस दौरान हर गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।” उन्होंने साफ कहा कि वे यहां नेता बनकर नहीं, बल्कि जनता की बात सुनने आए हैं।

जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी सुमिला कोरवा से संवाद किया, जिनकी आत्मनिर्भरता की कहानी सुनकर वे खासे प्रभावित हुए। सुमिला ने बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत से अब गाड़ी तक खरीद ली है। वहीं भैंसामुंडा की पुष्पलता चौहान ने भी बताया कि उनका समूह ईंट निर्माण, किराना दुकान और बीसी सखी जैसे कामों से अच्छी आमदनी कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कई बड़ी घोषणाएं कर दीं—गांव में सामुदायिक भवन का निर्माण, मिनी स्टेडियम की स्थापना, बच्चों को क्रिकेट किट और यूनिफॉर्म देने के साथ ही सीसी रोड निर्माण की सौगात दी। इन घोषणाओं से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 8 लाख “लखपति दीदी” बनाई जा चुकी हैं, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 3 करोड़ महिलाएं इस श्रेणी में पहुंच चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने पहले ही कैबिनेट में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं, जिससे गरीबों का पक्का घर का सपना पूरा हो रहा है।

जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने राशन वितरण, नमक-शक्कर की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था, पटवारी की कार्यप्रणाली और तेंदूपत्ता संग्रहण जैसे मुद्दों पर सीधे ग्रामीणों से फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामुदायिक भवन के लिए जल्द जगह चिन्हित करें और बिजली बिल समाधान शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याएं दूर करें।

मुख्यमंत्री ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, चरण पादुका योजना, रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की जानकारी भी दी और ग्रामीणों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान विधायक श्रीमती गोमती साय, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

सुशासन तिहार के पहले ही दिन मुख्यमंत्री का यह दौरा न सिर्फ योजनाओं की सौगात लेकर आया, बल्कि सरकार और जनता के बीच भरोसे का मजबूत पुल भी बनाता नजर आया।

Leave Your Comment

Click to reload image