उड़ीसा तक फैले नशे के नेटवर्क पर जशपुर पुलिस का शिकंजा, फरार सप्लायर रंजन साहू गिरफ्तार, ऑपरेशन ‘आघात’ में बड़ी सफलता 
ताजा खबरें


बड़ी खबर

उड़ीसा तक फैले नशे के नेटवर्क पर जशपुर पुलिस का शिकंजा, फरार सप्लायर रंजन साहू गिरफ्तार, ऑपरेशन ‘आघात’ में बड़ी सफलता 

जशपुर 15 अफ़्रैल 2026 । जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। प्रतिबंधित नशीली कफ सिरफ के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य सप्लायर रंजन साहू उर्फ राजन उर्फ पाकु (30 वर्ष), निवासी ग्राम मालिपाड़ा खटकुरबहार, थाना कुत्रा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले की शुरुआत जनवरी 2026 में हुई थी, जब चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम सुरंगपानी में पुलिस को सूचना मिली थी कि स्थानीय निवासी मोहित कुमार गुप्ता अवैध रूप से नशीली कफ सिरफ का कारोबार कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर तंत्र सक्रिय हुआ और लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

दिनांक 20 जनवरी 2026 को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि संदिग्ध मोहित कुमार गुप्ता उड़ीसा से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरफ लेकर वापस अपने गांव आ रहा है। सूचना मिलते ही चौकी कोतबा पुलिस ने लाखझार घाट के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान फरसाटोली की ओर से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल में दो बोरियों के साथ आता हुआ संदिग्ध दिखाई दिया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।

तलाशी लेने पर बोरियों में रखे दो कार्टून से 100-100 मिलीलीटर की 320 नग प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरफ बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी के निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए दो और कार्टून बरामद किए गए, जिनमें कुल 320 नग और सिरफ मिली। इस तरह कुल 640 नग नशीली कफ सिरफ जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपए आंकी गई।

पुलिस ने तत्काल आरोपी मोहित कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था। पूछताछ के दौरान मोहित ने खुलासा किया कि वह यह प्रतिबंधित कफ सिरफ उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी रंजन साहू से खरीदकर इलाके में बेचता था।

इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की एंड-टू-एंड जांच शुरू की और मुख्य सप्लायर रंजन साहू की तलाश तेज कर दी। आरोपी घटना के बाद से फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने गृह ग्राम मालिपाड़ा खटकुरबहार (उड़ीसा) में देखा गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर उड़ीसा भेजी गई। टीम ने वहां पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और फरार आरोपी रंजन साहू को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने नशे के कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(C), 27(A) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की संभावना है।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश कुमार यादव, सहायक प्लाटून कमांडर ललित तिग्गा, प्रधान आरक्षक दीनदयाल साहू, आरक्षक मुकेश मल्होत्रा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image