महावीर मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब: अखंड रामायण, हवन-पूजन और भंडारे के बीच प्रियंवदा सिंह जूदेव ने कहा—नई पीढ़ी में जीवित है सनातन की अमर परंपरा
जशपुरनगरः गुरूवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के बस स्टेण्ड के समीप स्थित महावीर मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा। यहां बुधवार से चल रहे 24 घंटे के अखंड रामायण पाठ का गुरूवार को हवन पूजन के साथ समापन हुआ। इस दौरान पूरे शहर में रामायण की चैपाईयां गूंजती रही। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुुए हवन पूजा के बाद,मंदिर प्रांगण में भंडारा का आयोजन किया गया। भंडारा में शहर के साथ आसपास के ग्रामीण अंचल से श्रद्वालु सैकड़ों की संख्या में प्रसाद ग्रहण करने के लिए जुटे थे। प्रसाद वितरण का सिलसिला शाम तक चलता रहा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष बबला गुप्ता ने बताया कि महावीर मंदिर में रामनवमीं और भगवान हनुमान के जन्मोत्सव में विशेष पूजा,भंडारा और शोभा यात्रा की परम्परा सालों से चली आ रही है।
युवाओं को किया गया सम्मानित -
इस अवसर पर रामनवमी शोभा यात्रा में बेहतर प्रदर्शन और योगदान देने वाले स्वयं सेवकों को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियवंदा सिंह जूदेव,एसएसपी डा लाल उम्मेद सिंह,नगरपालिका जशपुर के अध्यक्ष अरविंद भगत,छग पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने युवा प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रियवंदा सिंह जूदेव ने कहा कि पीढ़ियों से चली आ रही सनातन की इस परम्पराओं को आने वाली पीढ़ियों से जुड़ते हुए देखना सुखद अनुभव है। उन्होनें आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि रामनवमीं और हनुमान जयंती में शहर में होने वाले आयोजन को सफल करने में सब मिल कर मेहनत करते हैं।
कृष्ण कुमार राय ने कहा कि महावीर मंदिर,शहर के सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का केंद्र है। सालों से यह मंदिर लोगों के आस्था का केंद्र है। एसएसपी डा लाल उम्मेद सिंह ने जिलेवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की बधाई दी।
