मौसम की हल्की मार भी नहीं झेल पाया सिस्टम: बारिश शुरू होते ही नारायणपुर में पूरी सप्लाई बंद — बार-बार ट्रिपिंग से बहाली में देरी, नाराज नागरिकों ने जताई कड़ी नाराजगी
नारायणपुर। शुक्रवार की शाम जैसे ही मौसम ने करवट ली और करीब 5 बजे हल्की बारिश शुरू हुई, वैसे ही शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मामूली बारिश भी बिजली विभाग की तैयारियों पर भारी पड़ गई और नारायणपुर का 33 केव्ही पावर स्टेशन अचानक ठप हो गया, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया।
बारिश थमने के बाद भी हालात नहीं सुधरे। लगभग दो घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। शहर के मोहल्लों, बाजारों और घरों में लोग अंधेरे और उमस से परेशान हैं। गर्मी के इस मौसम में बिजली गुल होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही बारिश शुरू हुई, कुछ देर के लिए वोल्टेज में उतार-चढ़ाव हुआ और फिर अचानक पूरी सप्लाई बंद हो गई। इसके बाद से लगातार बिजली गायब है। लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि हर बार हल्की बारिश में ही बिजली व्यवस्था जवाब दे देती है।
वहीं, बिजली विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण सप्लाई बाधित हुई है। लाइन को चालू करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन बिजली बार-बार ट्रिप हो रही है और स्थिर नहीं हो पा रही है। विभाग की टीम मौके पर काम कर रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने बिजली विभाग की तैयारियों और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में नाराजगी साफ देखी जा रही है। नागरिकों का कहना है कि जब हल्की बारिश में ही सिस्टम फेल हो जाता है, तो आने वाले दिनों में तेज बारिश और आंधी-तूफान के दौरान स्थिति और भयावह हो सकती है।
