सूने मकान को बनाया निशाना: कुनकुरी में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चोर और चोरी का सामान खरीदने वाला दोनों गिरफ्तार, सोना-चांदी के आभूषण समेत औजार बरामद
ताजा खबरें

बड़ी खबर

सूने मकान को बनाया निशाना: कुनकुरी में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चोर और चोरी का सामान खरीदने वाला दोनों गिरफ्तार, सोना-चांदी के आभूषण समेत औजार बरामद

जशपुर, 11 मार्च 2026। कुनकुरी थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की घटना का जशपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी पकड़ा है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुनकुरी के रेमते रोड मोहल्ला निवासी राकेश कुमार साव (38 वर्ष) ने 9 मार्च को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बड़े पिताजी रामबिलास प्रसाद के मकान की देखरेख की जिम्मेदारी उन्हें दी गई थी। रामबिलास प्रसाद अपनी पत्नी के इलाज के लिए रांची में रह रहे थे। इसी बीच 19 जनवरी को उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके कारण राकेश साव भी क्रियाकर्म के लिए रांची चले गए थे।

9 मार्च को जब राकेश साव वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर की आलमारी खुली पड़ी है तथा सामान बिखरा हुआ है। इस संबंध में उन्होंने अपने बड़े पिताजी को फोन पर जानकारी दी, जिस पर पता चला कि आलमारी में रखे सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल, पैर में पहनने वाली पांच नग चांदी की साठी और करीब डेढ़ हजार रुपये नगद गायब हैं।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना कुनकुरी में बीएनएस की धारा 331(4), 305(क) और 317(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तुरी बस्ती कुनकुरी निवासी साहिल चौहान उर्फ मंटू (22 वर्ष) अचानक अधिक पैसे खर्च कर रहा है। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसी ने रामबिलास प्रसाद के सूने घर में घुसकर आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी तथा चोरी का सामान बजरंग नगर कुनकुरी निवासी दिवाकर ताम्रकार (28 वर्ष) को 20 हजार रुपये में बेच दिया था।

इसके बाद पुलिस ने दिवाकर ताम्रकार को भी हिरासत में लिया और उसके कब्जे से चोरी के सोने के कान के टॉप्स, चांदी की पायल और पांच नग चांदी की साठी बरामद कर ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल की निशानदेही पर घर और आलमारी का ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त की है।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने साहिल चौहान उर्फ मंटू और दिवाकर ताम्रकार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर वारले, प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, नंदलाल यादव और आरक्षक लियोन कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image