टिकैतगंज से उठी नशामुक्त भारत की बुलंद आवाज, युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर लिया समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने का संकल्प
ताजा खबरें


बड़ी खबर

टिकैतगंज से उठी नशामुक्त भारत की बुलंद आवाज, युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर लिया समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने का संकल्प

जशपुरनगर। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जशपुर जिले के ग्राम टिकैतगंज में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। विवेकानंद युवा क्लब एवं 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व विवेकानंद युवा क्लब के हेमराज सिंह ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्ति केवल एक दिवस का संदेश नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध बनाने का सतत अभियान है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व गांव को भी इस सामाजिक बुराई से मुक्त करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें युवा और बुजुर्ग एक साथ मंच पर आए और नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। ग्राम के युवा विनोद मुंडा, नमिता भगत, प्रतिमा, नीतू, साधना, सोनिया तथा कविता गणेश्वरी भगत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली। 'मेरा युवा भारत' के स्वयंसेवक प्रयास लकड़ा की सक्रिय सहभागिता भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। इस अवसर पर विनोद मुंडा ने उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम अधिकारी संकेत मिथल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गांव-गांव में इस तरह के जनजागरूकता अभियान नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ मजबूत जनमत तैयार करेंगे। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी स्वयंसेवकों, युवाओं और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी और जनसहयोग से ही नशामुक्त भारत का सपना साकार हो सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। पूरे आयोजन ने टिकैतगंज सहित आसपास के क्षेत्र में नशामुक्त समाज के निर्माण का सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image