वनभूमि को खेत में बदलने की साजिश नाकाम: सूचना मिलते ही बगीचा वन अमला पहुंचा मौके पर, खुदाई करती जेसीबी जप्त कर दर्ज किया अपराध
जशपुर : 9 मार्च 2026। वन क्षेत्र में अवैध कब्जा कर खेत निर्माण किए जाने की कोशिश को वन विभाग ने समय रहते नाकाम कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने खुदाई कर रही जेसीबी मशीन को जप्त कर वन अपराध का मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को दूरभाष के माध्यम से वन विभाग को सूचना मिली कि वन परिक्षेत्र बगीचा अंतर्गत ग्राम टांगरपानी के दालढोढ़ी नामक स्थान पर जेसीबी मशीन के जरिए वनभूमि में मिट्टी खुदाई कर खेत निर्माण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वनमंडलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार, भा.व.से. के निर्देश पर वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा सुश्री यशस्वी मौर्य, प्रशिक्षु भा.व.से. के नेतृत्व में वन अमले की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
वन विभाग की टीम ने दालढोढ़ी स्थित कक्ष क्रमांक पी-1331 में पहुंचकर जांच की तो वहां जेसीबी (न्यू) मशीन चेचिस क्रमांक 7HAR3KGPNV03347121 से मिट्टी की खुदाई कर खेत तैयार करने का कार्य किया जा रहा था। मौके पर मौजूद जेसीबी चालक फुलचंद उरांव, पिता मंगलेश्वर उरांव, निवासी ग्राम गुड़दरी, जिला गुमला (झारखंड) से पूछताछ की गई और जमीन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया।
पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि जेसीबी के मालिक द्वारा उक्त भूमि को अपनी निजी भूमि बताकर खेत निर्माण के लिए मिट्टी खुदाई करने को कहा गया था। इसी आधार पर वह मशीन से खुदाई का कार्य कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21487/25 दिनांक 9 मार्च 2026 को पंजीबद्ध करते हुए उपयोग में लाई जा रही जेसीबी मशीन को विधिवत जप्त कर बगीचा निस्तार डिपो में सुरक्षित रख दिया है।
वन विभाग के अनुसार प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, खुदाई या निर्माण कार्य न करें। इस प्रकार की गतिविधियां वन संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं। यदि कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
