रात के सन्नाटे में कानून को चुनौती : जेसीबी लेकर आधी रात घर में घुसे दबंग, बुजुर्ग को बाल पकड़कर घसीटा, सब्बल-लाठी से की बेरहमी से पिटाई, पीएम आवास को किया जमींदोज — नारायणपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
ताजा खबरें

बड़ी खबर

रात के सन्नाटे में कानून को चुनौती : जेसीबी लेकर आधी रात घर में घुसे दबंग, बुजुर्ग को बाल पकड़कर घसीटा, सब्बल-लाठी से की बेरहमी से पिटाई, पीएम आवास को किया जमींदोज — नारायणपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

 जेसीबी से घर तोड़ने की सनसनीखेज वारदात: नारायणपुर थाना क्षेत्र के कुरकुंगा गांव में दबंगों का तांडव, बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल 

 रात में जेसीबी लेकर घर में घुसे आरोपी, परिवार को पीटा, पीएम आवास को किया ध्वस्त, गांव में फैली दहशत 

जशपुर, 11 फरवरी 2025/
जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुरकुंगा में बीती रात एक अत्यंत गंभीर, सनसनीखेज और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है, जहां आरोपियों ने जेसीबी मशीन का उपयोग कर एक ग्रामीण के घर में घुसकर निर्मम मारपीट की और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर को तोड़ डाला। मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार यादव (उम्र 55 वर्ष), निवासी ग्राम कुरकुंगा, थाना नारायणपुर ने दिनांक 05.02.2026 को थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि दिनांक 04.02.2026 की रात्रि, वह अपने परिवार के साथ खाना खाकर घर में सो रहा था, तभी शंकर राम, उसके पुत्र सुरेश, लूनेश्वर यादव एवं अन्य साथियों ने जेसीबी मशीन लेकर उसके घर में जबरन प्रवेश किया।

  आरोपियों ने प्रार्थी के सिर के बाल पकड़कर उसे जबरन उठाया, तथा हाथ में पकड़े लोहे के सब्बल से पीठ और सीने में गंभीर वार किए। इसके बाद उसे घसीटकर घर के बाहर ले जाया गया, जहां लात-घूंसे से बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान प्रार्थी के गिर जाने के बाद आरोपियों ने जेसीबी से कुचलकर हत्या करने का भी प्रयास किया, जिससे स्थिति अत्यंत भयावह हो गई।

   इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थी के परिजनों के साथ भी अंधाधुंध हाथ-मुक्कों से मारपीट की, तथा जेसीबी मशीन से प्रार्थी के पीएम आवास योजना के तहत निर्मित मकान को तोड़ दिया। घटना के दौरान प्रार्थी के पुत्र पितांबर यादव के साथ भी लाठी एवं लोहे की रॉड से मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।

   मारपीट की आवाज सुनकर ग्राम के सरपंच, बीडीसी सदस्य एवं अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे कई ग्रामीणों को चोटें आईं। इस घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।

   प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 190, 191, 296, 116(2), 351(3), 109, 324 एवं 331 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े दो आरोपियों
01. शंकर राम (उम्र 65 वर्ष), निवासी ग्राम चराईमारा, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर
02. लूनेश्वर यादव (उम्र 24 वर्ष), निवासी बहला टोली, चिटक्वाइन, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर
को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले में शामिल अन्य आरोपी वर्तमान में फरार हैं, जिन्हें पुलिस द्वारा चिन्हित कर लिया गया है। उनकी पातासाजी जारी है और पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही सभी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image