ग्राम पंचायत पंडरीपानी में मितानिन दिवस का आयोजन, गांव की मितानिनों को साड़ी और श्रीफल देकर किया गया सम्मानित
नारायणपुर। विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत पंडरीपानी में ग्राम पंचायत भवन में मितानिन दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पंडरीपानी के सरपंच मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान गांव की मितानिनों के सेवा, समर्पण और ग्रामीण स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरपंच ने कहा कि **महिला शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।** महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाएं समाज को नई दिशा देने के साथ विकास की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
सरपंच ने मितानिनों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं तथा जरूरतमंद ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने में हर संभव सहयोग प्रदान करती हैं। गर्भवती महिलाओं, माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी देखभाल और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने में भी मितानिनें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि मितानिनें अपने जिम्मेदारीपूर्ण कार्यों के माध्यम से ग्रामीण समाज की सेवा करती हैं। उनका यह सेवा भाव और समर्पण निश्चित रूप से सराहनीय है। मितानिन दिवस उनके योगदान को सम्मान देने और उनके कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव,पंच सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
