भाजपा कार्यालय में लगा जनसमस्याओं का दरबार, विधायक गोमती साय ने आम जनता की शिकायतें सुनकर शीघ्र समाधान का दिया भरोसा
नारायणपुर । विधायक पत्थलगांव, उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण एवं गुजरात सह-प्रभारी श्रीमती गोमती साय ने मंगलवार को कांसाबेल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
जनदर्शन के पश्चात गोमती साय ने जनपद सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्यगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
