लपई में 3 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से बनेगी 2.10 किलोमीटर लंबी सड़क, विधायक गोमती साय और जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने किया भूमिपूजन, ग्रामीणों का वर्षों का इंतजार होगा खत्म
ताजा खबरें


बड़ी खबर

लपई में 3 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से बनेगी 2.10 किलोमीटर लंबी सड़क, विधायक गोमती साय और जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने किया भूमिपूजन, ग्रामीणों का वर्षों का इंतजार होगा खत्म

नारायणपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने की दिशा में ग्राम लपई में महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत हुई। विधायक पत्थलगांव एवं उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने सेमरकछार भट्ठीटोली से लपई तक 2.10 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इस सड़क का निर्माण 3 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।

सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लपई सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क की जरूरत महसूस कर रहे क्षेत्र के लोगों को इस मार्ग से राहत मिलेगी। विशेष रूप से किसानों को कृषि कार्यों के लिए आने-जाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने तथा मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इसके साथ ही ग्रामीणों की दैनिक गतिविधियों और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़कें विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। जब गांवों का संपर्क मार्ग बेहतर होता है तो शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों का विस्तार भी आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरावती पैंकरा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत, जनपद सदस्य अटल साय, श्रीमती सरोज आपट, मंडल अध्यक्ष रवि यादव, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश चौधरी, पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर, भूषण वैष्णव, मंडल उपाध्यक्ष बसंत वर्मा सहित क्षेत्रीय सरपंच, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस पहल पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सड़क बनने से आवागमन की समस्या दूर होगी और गांव के विकास को नई गति मिलेगी। 3 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image