बाबा भगवान राम ट्रस्ट के निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर में उमड़ा मरीजों का सैलाब, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा से पहुंचे 77 मरीजों को वितरित की गईं फकीरी एवं आयुर्वेदिक औषधियां,28 फरवरी को फिर लगेगा शिविर
नारायणपुर । मानव सेवा और परोपकार की भावना को आगे बढ़ाते हुए बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर द्वारा रविवार को अघोर पीठ, वामदेव नगर, गम्हरिया स्थित आश्रम परिसर में निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मरीजों की भारी संख्या में उपस्थिति रही। छत्तीसगढ़ सहित झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 77 मरीजों को ट्रस्ट द्वारा निर्मित फकीरी एवं आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। इनमें तीन बच्चे भी शामिल थे।
सेवा और आस्था के वातावरण में आयोजित इस शिविर की शुरुआत सुबह 4:30 बजे परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के चित्रों के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। शिविर की विशेष व्यवस्था के तहत फकीरी औषधि का वितरण सूर्योदय से पहले पान के पत्ते पर किया गया। इसी कारण दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अधिकांश मरीजों को उनके परिजनों एवं सहयोगियों के साथ एक दिन पहले ही आश्रम में बुलाया गया था।
पूजन एवं आरती के पश्चात मरीजों को निर्धारित परंपरा के अनुसार फकीरी औषधि प्रदान की गई। इसके साथ ही आयुर्वेदिक दवाओं का भी वितरण किया गया। औषधि वितरण के लिए विशेष रूप से वैद्य रंजीत सिंह एवं उनके सहयोगी रोहित सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान वैद्य रंजीत सिंह ने मरीजों और उनके परिजनों को औषधि सेवन के दौरान आवश्यक सावधानियों, खानपान तथा परहेज के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
तीन राज्यों से उमड़ी मरीजों की भीड़, दूर-दराज से पहुंचे लोग
शिविर की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें तीन राज्यों के अलग-अलग जिलों एवं क्षेत्रों से मरीज पहुंचे। झारखंड के रांची, गुमला, टाटा, गढ़वा, पलामू, चतरा, देवघर और चाईबासा सहित छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, सक्ती, जांजगीर-चांपा, अंबिकापुर, कोरिया, वाड्रफनगर, शंकरगढ़, कुसमी, रायगढ़, बलरामपुर, सूरजपुर, मनोरा, कुनकुरी, बगीचा, दुलदुला, जशपुर और कांसाबेल से मरीज पहुंचे। वहीं ओडिशा के वीरमित्रपुर क्षेत्र से भी लोगों ने शिविर में भाग लिया।
28 फरवरी को फिर लगेगा सेवा का शिविर
आयोजकों ने बताया कि मिर्गी चिकित्सा का अगला निःशुल्क शिविर 28 फरवरी 2027 को इसी अघोर पीठ, वामदेव नगर, गम्हरिया आश्रम परिसर में आयोजित किया जाएगा। अगली बार औषधि प्राप्त करने वाले मरीजों को 27 फरवरी की शाम तक आश्रम पहुंचने का निर्देश दिया गया है, ताकि निर्धारित समय पर औषधि वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
इस सेवा कार्य में इनका रहा विशेष योगदान
शिविर को सफल बनाने में पी.के. श्रीवास्तव, चन्द्रशेखर सिंह, संतोष मिश्र, प्रशांत सिंह, सत्येन्द्र सिंह (मामा), सुशील चौधरी, अखिलेश यादव, शिवम, अक्षय सिंह एवं वेद तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बाबा भगवान राम ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के निर्देशन में पिछले कई वर्षों से इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ट्रस्ट के अनुसार, इन शिविरों के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ पहुंचाया जा चुका है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को एक ही स्थान पर निःशुल्क औषधि वितरण की सुविधा उपलब्ध कराने की यह पहल लगातार जारी है।
