शादी का झांसा देकर तीन साल तक महिला का शारीरिक शोषण, सिंदूर भरकर किया था शादी का वादा, मुकरने पर पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी को दबोचा,भेजा जेल
जशपुर। शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसे पत्नी बनाकर रखने से इंकार करने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान दुर्योधन यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान वर्ष 2023 में एक सहेली के माध्यम से दुर्योधन यादव से हुई थी। महिला ने आरोपी को अपनी पूर्व वैवाहिक जिंदगी और बच्चों के बारे में पहले ही बता दिया था। आरोप है कि युवक ने महिला को पसंद करने, उससे शादी करने और उसके बच्चों का पालन-पोषण करने का भरोसा दिलाया था।
आरोपी के इसी भरोसे पर विश्वास करते हुए महिला 31 मार्च 2023 को उसे अपने किराये के मकान में ले गई। वहां आरोपी ने महिला की मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का भरोसा जताया और उसी रात उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी अक्टूबर 2026 तक बीच-बीच में शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। लेकिन बाद में उसने महिला को पत्नी के रूप में रखने से साफ इंकार कर दिया।
इससे आहत महिला ने 24 अक्टूबर 2026 को थाना पत्थलगांव पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने आरोपी दुर्योधन यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 376(2-एन) एवं बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके गृहग्राम में घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 17 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई होगी : एसएसपी
मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
