ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में ग्रामीणों की सेवा के लिए लगा निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, 70 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, आंख-कान की जांच के साथ निःशुल्क दवाइयां पाकर ग्रामीणों को मिली राहत
ताजा खबरें


बड़ी खबर

ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में ग्रामीणों की सेवा के लिए लगा निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, 70 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, आंख-कान की जांच के साथ निःशुल्क दवाइयां पाकर ग्रामीणों को मिली राहत

नारायणपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम परिसर में रविवार 15 नवंबर को एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। बाबा भगवान राम ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के निर्देशानुसार आयोजित इस सेवा शिविर में सोगड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे कुल 70 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

शिविर का शुभारंभ सुबह 10 बजे वाड्रफनगर से पहुंचे सुप्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के तैलचित्र पर विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती कर किया। इसके पश्चात मरीजों की जांच और उपचार का सिलसिला शुरू हुआ। इस सेवा कार्य में डॉ. त्रिपाठी के साथ जशपुर से पहुंचीं सहयोगी सौम्या सुरभि जी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक लगातार संचालित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सक द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुनकर उनका परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में पहुंचे जरूरतमंद मरीजों को आश्रम की ओर से निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं, जिससे ग्रामीणों को उपचार के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिविर की एक विशेष पहल के तहत वाड्रफनगर से आए डॉ. अतुल त्रिपाठी द्वारा मरीजों की आंखों एवं कानों की भी जांच की गई। उन्होंने नेत्र एवं कान से संबंधित समस्याओं की पहचान कर मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया। इससे शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आंख और कान से जुड़ी परेशानियों के संबंध में भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

उल्लेखनीय है कि ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में ग्रामीण जनता की सेवा और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व माह की भांति इस माह भी निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। आश्रम की इस पहल से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने ही क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय सलाह और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा मिल रही है। रविवार को आयोजित शिविर में 70 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

Leave Your Comment

Click to reload image