बकाया बिजली बिल की वसूली के दौरान सरकारी अधिकारी पर हमला, असिस्टेंट इंजीनियर को डंडे से पीटकर किया घायल, शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट के आरोप में पिता-पुत्र को जेल
जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम महादेवडांड़ में हुई इस घटना में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि विद्युत विभाग की टीम गांव में करीब 1 लाख 67 हजार रुपये के बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए पहुंची थी। इसी दौरान बकाया राशि जमा करने को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 13 नवंबर 2026 की है। बगीचा में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर भूपेन्द्र राठौर अपने विभागीय स्टाफ के साथ ग्राम महादेवडांड़ में बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने पहुंचे थे। गांव में करीब 1 लाख 67 हजार रुपये की बिजली बिल राशि बकाया थी। वसूली की कार्रवाई के दौरान पंखरासियुस तिर्की द्वारा विवाद शुरू कर दिया गया। आरोप है कि बकाया राशि जमा करने के बजाय वह गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच उसका पुत्र सोमल तिर्की भी मौके पर पहुंच गया और दोनों की ओर से विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि सोमल तिर्की ने असिस्टेंट इंजीनियर भूपेन्द्र राठौर को जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे एवं अन्य वस्तु से हमला कर दिया। इस मारपीट में इंजीनियर के सिर और कंधे में चोट आई। शासकीय कार्य के दौरान विभागीय अधिकारी के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद प्रार्थी ने थाना बगीचा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 221, 132, 121(1), 121(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 15 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोमल तिर्की (31 वर्ष), पिता पंखरासियुस तिर्की तथा पंखरासियुस तिर्की (73 वर्ष), पिता स्वर्गीय सिरिल तिर्की, निवासी ग्राम महादेवडांड़ शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक इस्ताक खान, आरक्षक मुकेश पाण्डेय, आरक्षक महेश मालाकार सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना और शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है। कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से कानून का सम्मान करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
