छठ मइया की भक्ति में सराबोर हुआ जशपुर, देउलबंद तालाब से दमेरा नदी तक उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को व्रती महिलाओं ने अर्पित किया पहला अर्घ्य,दंडवत यात्रा कर श्रद्धालुओं ने की सूर्यदेव की आराधना
जशपुर/नारायणपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा रविवार को जशपुर में पूरे श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देउलबंद तालाब, सती उद्यान, शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव घाट, बाकी नदी तट, शांतिभवन तालाब सहित दमेरा नदी में भी छठ पूजा की विशेष रौनक देखने को मिली। शाम होते ही पूरा शहर छठ मइया की भक्ति, पारंपरिक लोकगीतों और धार्मिक उत्साह में डूबा नजर आया।
सुबह से ही छठ व्रती परिवारों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूजन सामग्री, फल-फूल, नारियल, गन्ना और पारंपरिक प्रसाद से सजी बांस की सूप और दौरी लेकर व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाटों की ओर रवाना हुईं। इस दौरान रास्तों में छठ मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। कई श्रद्धालुओं ने घर से छठ घाट तक दंडवत प्रणाम करते हुए अपनी यात्रा पूरी की। कठिन साधना, अनुशासन और सूर्यदेव के प्रति अटूट आस्था का यह दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
दमेरा नदी में भी बढ़ रही छठ व्रतियों की संख्या
जशपुर शहर के पारंपरिक छठ घाटों के साथ दमेरा नदी में भी छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। रविवार को यहां भी बड़ी संख्या में व्रती परिवारों ने पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर सुनील सिन्हा, देवेंद्र गुप्ता, संतोष सिन्हा, रामजी सिन्हा सहित उनके परिवार के सदस्य दमेरा नदी पहुंचे और पूरे श्रद्धाभाव से छठ महापर्व में शामिल हुए। दमेरा नदी तट पर बढ़ती श्रद्धालुओं की सहभागिता से यहां भी पर्व की रौनक देखते ही बन रही थी।
शाम 5:36 बजे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया पहला अर्घ्य
जशपुर की भौगोलिक स्थिति के अनुसार रविवार शाम 5 बजकर 36 मिनट पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। वहीं सोमवार सुबह 5 बजकर 56 मिनट पर उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। पंडित मनोज रमाकांत मिश्र ने बताया कि वाराणसी की तुलना में जशपुर में सूर्यास्त और सूर्योदय लगभग 12 मिनट पहले होता है। इसका प्रमुख कारण दोनों शहरों की भौगोलिक स्थिति और देशांतर रेखाओं में अंतर है।
छठ मइया के पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
सूर्यास्त के समय विभिन्न छठ घाटों पर व्रती महिलाओं के सामूहिक छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जल में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना करती महिलाओं की श्रद्धा और समर्पण का दृश्य देखते ही बन रहा था। देउलबंद तालाब घाट पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। यहां छठ मइया के पारंपरिक गीतों के बीच व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष यातायात व्यवस्था की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए दोपहर तीन बजे के बाद शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया। सन्ना रोड, शिव मंदिर चौक, जैन मंदिर मार्ग और महाराजा चौक सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस जवान लगातार मुस्तैद रहे। यह व्यवस्था सोमवार सुबह आठ बजे तक प्रभावी रहेगी।
चार दिनों तक छठ गीतों से गूंजता रहा जशपुर
छठ महापर्व को लेकर पिछले चार दिनों से जशपुर में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ था। व्रती परिवारों के घरों में महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए पर्व की तैयारियों में जुटी रहीं। वहीं विभिन्न छठ घाटों पर पूजा समितियों की ओर से ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से भक्ति गीतों का प्रसारण किया जा रहा था। रविवार को जब व्रती महिलाएं परिवार के साथ पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों की ओर बढ़ीं, तो पूरा जशपुर छठ मइया की भक्ति और लोक आस्था के रंग में सराबोर नजर आया। सूर्यदेव को पहला अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही श्रद्धालुओं में सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य की उपासना और दूसरे अर्घ्य को लेकर भी विशेष उत्साह बना हुआ है।
