कुडूकेला के फुटबॉल रणक्षेत्र में कोरवाबहरी का महाविजय, सांसें थाम देने वाले फाइनल में सरईटोली को 4-3 से दी शिकस्त, एक लाख की इनामी ट्रॉफी पर जमाया कब्जा, कौशल्या साय ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई कर ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को दिया आगे बढ़ने का संदेश

नारायणपुर । ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कुडूकेला में आयोजित ग्रामीण पंचायत स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन 14 नवंबर को बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। करीब एक महीने तक चले इस फुटबॉल महाकुंभ के फाइनल में कोरवाबहरी और सरईटोली की टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। दोनों टीमों ने मैदान में ऐसा दमखम दिखाया कि मैच के अंतिम क्षण तक दर्शकों की सांसें थमी रहीं। आखिरकार कोरवाबहरी की टीम ने 4-3 गोल से जीत दर्ज कर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 अक्टूबर को किया गया था, जिसमें क्षेत्र की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। लगभग एक महीने तक चले इस आयोजन में आसपास के गांवों के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों से लेकर फाइनल तक खेल मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ती रही। फुटबॉल के प्रति ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का जुनून ऐसा था कि हर मैच के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहता था। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों की तालियां और उत्साहवर्धन पूरे आयोजन को उत्सव का रूप देते रहे।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय उपस्थित रहीं। उनके आगमन से खिलाड़ियों और आयोजन समिति में विशेष उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबला देखने के लिए आसपास के गांवों सहित पूरे क्षेत्र से हजारों की संख्या में खेलप्रेमी कुडूकेला पहुंचे। मैदान में मौजूद दर्शकों ने दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाया और हर गोल के साथ रोमांच अपने चरम पर पहुंचता रहा।
पहले हाफ में दोनों टीमों ने दागे दो-दो गोल
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही कोरवाबहरी और सरईटोली की टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। दोनों ओर से लगातार गोल करने के प्रयास किए गए। एक टीम के गोल दागते ही दूसरी टीम ने भी जवाबी हमला करते हुए जल्द ही बराबरी कर ली। मुकाबले में यह सिलसिला लगातार देखने को मिला। पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर थीं।
दूसरे हाफ में मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। मैदान में तेज रफ्तार से दौड़ते खिलाड़ियों, शानदार पासिंग और गोल पोस्ट पर लगातार होते हमलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कोरवाबहरी ने तीसरा गोल दागकर बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन सरईटोली ने भी जवाब देते हुए मुकाबले को फिर बराबरी पर ला खड़ा किया।
इसके बाद कोरवाबहरी की टीम ने एक और शानदार गोल दागते हुए स्कोर 4-3 कर दिया। अंतिम गोल के बाद सरईटोली की टीम ने बराबरी हासिल करने के लिए कई बार गोल पोस्ट पर हमले किए। खिलाड़ियों को गोल करने के अच्छे अवसर भी मिले, लेकिन कोरवाबहरी के खिलाड़ियों ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को सफलता हासिल नहीं करने दी। अंततः अंतिम सीटी बजते ही कोरवाबहरी के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। टीम ने 4-3 से जीत हासिल कर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
विजेता को एक लाख, उपविजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिताब जीतने वाली कोरवाबहरी की टीम को एक लाख रुपये नगद एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं फाइनल में कड़ी चुनौती देने वाली उपविजेता सरईटोली की टीम को 50 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन कर ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और सहयोग की भावना विकसित करते हैं : कौशल्या साय
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने मंच से खिलाड़ियों एवं उपस्थित दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता, संघर्ष, समर्पण और टीम भावना का प्रतीक है। फुटबॉल का मैदान हमें जीवन की अनेक महत्वपूर्ण सीख देता है। जिस तरह मैदान में हर खिलाड़ी अपनी व्यक्तिगत प्रतिभा के साथ पूरी टीम को जीत दिलाने के लिए प्रयास करता है, उसी तरह जीवन में भी सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में हार और जीत दोनों का अपना महत्व है। जीत हमें आगे बढ़ने का उत्साह देती है, वहीं हार हमें अपनी कमियों को पहचानकर और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। इसलिए खिलाड़ियों को कभी हार से निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि हर मुकाबले को एक नए अनुभव और सीख के रूप में स्वीकार करना चाहिए।
श्रीमती साय ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन अत्यंत सराहनीय पहल है। गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और अवसर देने की, उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी ।अंत में उन्होंने दोनों टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में सबसे बड़ी उपलब्धि केवल ट्रॉफी जीतना नहीं, बल्कि अच्छे खिलाड़ी और अच्छे इंसान के रूप में अपनी पहचान बनाना है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मलिता बाई, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, सुनील अग्रवाल, जनपद सदस्य भारती भगत, संजय बंग,मण्डल अध्यक्ष उमेश यादव, तुलाधर यादव, असलम आजाद, अली हसन, जमीर इस्लाम (जिन्ना), ग्राम पंचायत कुडूकेला के सरपंच सम्पत राम, ग्राम पंचायत कमतरा के अभिषेक कुजूर, सहित जनप्रतिनिधि ,आयोजन समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
