खेत में बैल चरने की मामूली बात पर भड़का ग्रामीण, बुजुर्ग को बांस और लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, जशपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
ताजा खबरें


बड़ी खबर

खेत में बैल चरने की मामूली बात पर भड़का ग्रामीण, बुजुर्ग को बांस और लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, जशपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

जशपुर। खेत में बैल चरने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। गुस्से में आकर एक ग्रामीण ने बुजुर्ग के साथ बांस और लकड़ी के डंडे से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के ग्राम बसलंघना का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एतवा राम (56 वर्ष) निवासी ग्राम बसलंघना 11 नवंबर की शाम करीब 5:15 बजे अपने बैलों को चराने के लिए गांव के नीचे टंगरागढ़ा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के ही फिटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष) ने अपने खेत में बैलों को धान चरते देखा। इस बात को लेकर वह नाराज हो गया और एतवा राम से बैलों को खेत से भगाने के लिए कहने लगा।

बताया गया कि घटना के समय एतवा राम खेत में करंज के पेड़ के नीचे लेटे हुए थे। आरोपी द्वारा आवाज लगाने के बावजूद तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह आक्रोशित हो गया। इसके बाद उसने पहले बांस के डंडे से एतवा राम की पीठ और जांघ पर वार किया। फिर पास में पड़ा लकड़ी का मोटा डंडा उठाकर उनके हाथ और शरीर पर लगातार प्रहार करने लगा। आरोपी ने लात-घूंसों से भी मारपीट की, जिससे एतवा राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।

घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। बाद में उसने घटना में इस्तेमाल किए गए बांस और लकड़ी के दोनों डंडों को घटनास्थल के पास झाड़ियों में फेंक दिया और अपने घर चला गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें स्कॉर्पियो वाहन से जिला अस्पताल जशपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद एतवा राम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया अपराध

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए बांस और लकड़ी के दो डंडे बरामद कर जब्त किए गए।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, सहायक उप निरीक्षक एसन पॉल, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह, रवि कुमार, देवानंद और देविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image