गोढ़ी में ग्रामीण फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, रायगढ़ के लक्ष्मी नगर ने फाइनल में कुजूर ब्रदर्स को हराकर 3 गोल से जमाया कब्जा, 40 हजार रुपये और ट्रॉफी के साथ बना चैंपियन,सालिक साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
ताजा खबरें


बड़ी खबर

गोढ़ी में ग्रामीण फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, रायगढ़ के लक्ष्मी नगर ने फाइनल में कुजूर ब्रदर्स को हराकर 3 गोल से जमाया कब्जा, 40 हजार रुपये और ट्रॉफी के साथ बना चैंपियन,सालिक साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

जशपुरनगर। गोढ़ी बी में आयोजित ग्रामीण स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह, रोमांच और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन समिति और क्षेत्र के खेल प्रेमियों की सराहना की।

फाइनल मुकाबला लक्ष्मी नगर रायगढ़ एवं कुजूर ब्रदर्स की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में लक्ष्मी नगर रायगढ़ की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 गोल से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में विजेता टीम लक्ष्मी नगर रायगढ़ को प्रथम पुरस्कार के रूप में 40 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, वहीं उपविजेता कुजूर ब्रदर्स की टीम को 30 हजार रुपये एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

*खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास सराहनीय – सालिक साय*

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और समर्पण का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और अवसर प्रदान करने की। ऐसे आयोजन गांवों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। खेल से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।

श्री साय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए फुटबॉल समिति, जनप्रतिनिधियों, सरपंच, आयोजकों एवं समस्त खेल प्रेमियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

जनप्रतिनिधियों एवं आयोजन समिति की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पत्थलगांव श्री धनियारो परहा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुरुचि पैंकरा, जनपद सदस्य बागबहार श्री कमल विश्वकर्मा, बागबहार सरपंच श्री रवि परहा, गोढ़ी (बी) सरपंच श्रीमती दिल्मती सिंह, रेड़े सरपंच श्री सुमंत पैंकरा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके साथ ही फुटबॉल समिति के अध्यक्ष श्री कमलजीत सिंह, उपाध्यक्ष श्री राजकुमार भगत, कोषाध्यक्ष श्री राकेश टोप्पो, सचिव श्री संतराम भगत, श्री महेंद्र यादव, श्री विजय भगत, श्री बोधसिंह भगत, श्री विनोद भगत एवं श्री विद्यासागर सहित समस्त सरपंच, उपसरपंच, फुटबॉल समिति के सदस्य, संरक्षक एवं बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के सफल समापन पर आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave Your Comment

Click to reload image