पेटामारा-कूचमुण्डा के मैदान में गूंजा फुटबॉल का रोमांच, 16 टीमों के कड़े मुकाबले के बाद गोलीडीह ने जमुना को 1-0 से हराकर जीता नॉकआउट मैडन चैलेंज का खिताब, कौशल्या साय ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
जशपुरनगर। ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेटामारा-कूचमुण्डा के ग्रामवासियों द्वारा आयोजित तीन दिवसीय नॉकआउट मैडन चैलेंज फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गोलीडीह की टीम ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए जमुना की टीम को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबला गोलीडीह और जमुना की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान में जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त तालमेल, तेज रफ्तार और शानदार खेल कौशल देखने को मिला। दर्शकों की सांसें थाम देने वाले इस रोमांचक मुकाबले में गोलीडीह की टीम ने एक निर्णायक गोल दागकर बढ़त हासिल की और अंत तक अपनी बढ़त कायम रखते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं जमुना की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय शामिल हुईं। उन्होंने मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, एकजुटता और संघर्ष की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ग्रामीण अंचलों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और हुनर दिखाने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेल के प्रति प्रेरणा मिलती है और वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की। ऐसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
श्रीमती कौशल्या साय ने विजेता गोलीडीह एवं उपविजेता जमुना टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि पेटामारा-कूचमुण्डा के ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अध्यक्ष अविनाश अवस्थी, उपाध्यक्ष गोकुला कालो, कोषाध्यक्ष बलराम यादव, सचिव हरि चौहान एवं संरक्षक सुजीत तिवारी सहित समस्त ग्रामवासियों पेटामारा का महत्वपूर्ण योगदान एवं सहयोग रहा।
