महुआ शराब बेचने के लिए घर और बाड़ी में छिपाकर रखा था अवैध स्टॉक, पुलिस ने दो ठिकानों से 14 लीटर शराब जब्त कर महिला समेत दो को पकड़ा
रायगढ़, 5 नवंबर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत चक्रधरनगर पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब बिक्री पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई कुल 14 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये है, जब्त की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 नवंबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस को ग्राम बंगुरसिया में अवैध महुआ शराब बिक्री की मुखबिर से सूचना मिली। इस पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई करते हुए इंदिरा आवास पारा निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (34 वर्ष), पिता निर्मल विश्वकर्मा, के घर के पीछे बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान लकड़ी के नीचे छिपाकर रखी गई दो-दो लीटर क्षमता की चार कोल्ड ड्रिंक बोतलों में भरी कुल 8 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,600 रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
इसी क्रम में चक्रधरनगर पुलिस टीम ने ग्राम बंगुरसिया निवासी महिला गुरबारी साहू (58 वर्ष), के घर पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के आंगन में दीवार के किनारे बोरी से ढककर रखी गई 6 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला आरोपी के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
उक्त दोनों कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, हर्ष चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक दिलीप कुमार भानु, जेनिपा पन्ना तथा आरक्षक विक्रम कुजूर एवं चन्द्रकुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
