किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर गांव की गलियों में उतरी समाजसेवा की पाठशाला, एनएसएस के स्वयंसेवकों ने सात दिनों तक जगाई जागरूकता की अलख, स्वच्छता से नशामुक्ति तक दिया सामाजिक बदलाव का संदेश
नारायणपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है। इसी उद्देश्य को सार्थक करते हुए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय नारायणपुर के तत्वावधान में ग्राम कुडूकेला में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ।
28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित इस विशेष शिविर का समापन समारोह जनपद पंचायत कुनकुरी की अध्यक्ष सुशीला साय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप एवं धूप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने गांव में सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों में सहभागिता निभाई। इनमें नशामुक्ति अभियान, टीबी मुक्त युवा जागरूकता, दहेज प्रथा उन्मूलन, मतदाता जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, डिजिटल साक्षरता, युवा भारत, सोखता गड्ढे का निर्माण, सड़क समतलीकरण, स्वच्छता पखवाड़ा, गाजर घास उन्मूलन तथा प्रकृति संरक्षण जैसी गतिविधियां प्रमुख रहीं। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और टोली संचालन के माध्यम से स्वयंसेवकों में सामूहिक कार्य, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित की गई।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय ने कहा कि समयबद्धता ही सफलता का सूत्र है। जीवन में अनुशासन, समय का सदुपयोग और अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा रखने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा शिविर के दौरान किए गए सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर के पूज्य उत्साही राम जी ने अपने उद्बोधन में देश और समाज के चौमुखी विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने ऐसे शिविरों का नियमित आयोजन करने तथा महापुरुषों के आदर्श वचनों को जीवन में आत्मसात करने पर जोर दिया।
वहीं असलम आजाद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से संचालित गतिविधियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं। जब युवा सामाजिक समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए आगे आते हैं, तभी समाज के वास्तविक विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
डीडीसी मलिता बाई ने स्वयंसेवकों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान और अन्य जनहितकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्राचार्य अगुस्टीना तिग्गा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें समाज के बीच रहकर काम करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और सेवा के माध्यम से जीवन के वास्तविक मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक मुकेश यादव एवं प्रतिमा यादव ने सात दिवसीय शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया।
इस सात दिवसीय शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को यह सीखने का अवसर मिला कि समाजसेवा केवल किसी एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण की रक्षा करना, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाना, लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंदों के सहयोग के लिए आगे आना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ गांव और समाज के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार यादव, स्वयंसेविका अंजना बाई एवं उज्ज्वल कुशवाहा ने किया। शिविर का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार यादव, सहायक कार्यक्रम अधिकारी हसीबुद्दीन राइन एवं प्राचार्य अगुस्टीना तिग्गा के मार्गदर्शन में किया गया।
समापन समारोह में ग्राम पंचायत कुडूकेला के सरपंच संपतराम, उपसरपंच हामिद अंसारी, प्राचार्य सरबकोंबो महेश केरकेट्टा, अमित जैन, संकुल समन्वयक अफसर हसन राईन, नीतेश कुमार सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं अरुणा बाई, संगीता तिर्की, इकबाल खान, कलारेट एक्का, एडमा टोप्पो, कुमुदिना टोप्पो, ममता नायक, दीपक एक्का, ममता एक्का, खगेश्वर चक्रेश, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला कुडूकेला के प्रधान पाठक, विद्यालय के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।
