मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशपुर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, पौरी नदी पर पुल निर्माण से पूरी होगी ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग, 22 पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशपुर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, पौरी नदी पर पुल निर्माण से पूरी होगी ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग, 22 पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में सन्ना तहसील क्षेत्र के चलनी से परसाडीपा मार्ग पर पौरी नदी में 3 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

*बरसात में नदी पार करना बन जाता था बड़ी चुनौती*

पौरी नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी पार करना जोखिम भरा हो जाता था। कई बार नदी में पानी भर जाने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता था। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ता था।

स्थिति यह थी कि ग्रामीणों को अपने बाइक और चारपहिया वाहन नदी के इस पार ही छोड़कर परसाडीपा गांव की ओर जाना पड़ता था। बरसात के दौरान बच्चों को स्कूल पहुंचने और ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए ग्रामीण लंबे समय से पौरी नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।

*पुल बनने से बारहमासी आवागमन होगा सुगम*

पौरी नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण पूरा होने से चलनी–परसाडीपा मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। अब बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर भी ग्रामीणों को पहले की तरह परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं ग्रामीणों को अपने वाहनों से आवागमन करने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आसानी होगी।

*जिले में 22 उच्च स्तरीय पुल के निर्माण के लिए 109 करोड़ रुपये स्वीकृत*

उल्लेखनीय है कि जिले में आवागमन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 22 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए लगभग 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इन पुलों का निर्माण विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है। पुल निर्माण से ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

*वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से ग्रामीणों में खुशी*

पौरी नदी पर पुल निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने अपनी वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि पुल बनने से बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी दूर होगी और क्षेत्र के लोगों को आवागमन की स्थायी सुविधा मिलेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image