पत्नी के एक सवाल पर हैवान बना पति! लोहे के रिंग पाना से सिर पर किए ताबड़तोड़ तीन वार, जानलेवा हमले के बाद तीन महीने से फरार आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, भेजा जेल
जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने मामूली बात पर आक्रोशित होकर अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से एक के बाद एक तीन वार किए थे, जिससे महिला को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे उसके गृह ग्राम झक्कड़पुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम झक्कड़पुर (बंधन पारा) की है। मामले में प्रार्थी जयराम तिर्की निवासी झक्कड़पुर ने 4 अगस्त को पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता सुखसाय तिर्की ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई करम साय तिर्की ने अपनी पत्नी नबिना तिर्की के सिर पर लोहे के रिंग पाना से हमला कर दिया है।
सूचना मिलते ही प्रार्थी तत्काल घर पहुंचा, जहां उसकी भाभी नबिना तिर्की के सिर में गंभीर चोटें थीं और खून निकल रहा था। पिता से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय आरोपी अपने कमरे में मोटरसाइकिल के चक्के का नट खोलने और कसने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान पत्नी ने उससे पूछ लिया कि वह क्या खोज रहा है। इस सामान्य सवाल पर आरोपी आक्रोशित हो गया और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर लोहे के रिंग पाना से लगातार तीन वार कर दिए। हमले में महिला के सिर पर तीन जगह गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को उपचार के लिए डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया गया।
मामले की रिपोर्ट पर पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी करम साय तिर्की के विरुद्ध अपराध क्रमांक 166/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें गंभीर प्रकृति की चोटें सामने आईं। इसके साथ ही प्रार्थी, पीड़िता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
तीन महीने से फरार आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा
घटना के बाद से आरोपी करम साय तिर्की फरार था। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी बीच 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में देखा गया है। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस की टीम ने तत्काल गांव पहुंचकर घेराबंदी की और फरार आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए लोहे के रिंग पाना को भी बरामद कर विधिवत जप्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, उप निरीक्षक विद्या राम यादव तथा प्रधान आरक्षक सुभाष नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी: करम साय तिर्की (36 वर्ष), निवासी ग्राम झक्कड़पुर (बंधन पारा), थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
