रणजीता स्टेडियम में 2 नवंबर को सजेगी राज्योत्सव की सांस्कृतिक महफिल, सात सत्रों में होंगी रंगारंग प्रस्तुतियां
जशपुरनगर, 31 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन जशपुर द्वारा 2 नवंबर को रणजीता स्टेडियम में राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा।
शाम 4 बजे से शुरू होने वाला यह आयोजन रात 10:30 बजे तक चलेगा। इस दौरान स्कूली बच्चों, स्थानीय कलाकारों एवं आमंत्रित सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
जिला प्रशासन से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार राज्योत्सव को सात सत्रों में विभाजित किया गया है। पहले सत्र में शाम 4 बजे से 5:15 बजे तक जिले के 13 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें सामूहिक नृत्य, कथक, भरतनाट्यम, कविता पाठ और मलखंभ जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। सरस्वती शिशु मंदिर, एमएलबी कन्या स्कूल, सेजस हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम, डीपीएस, महावीर जैन स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और कल्याण आश्रम सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
दूसरे सत्र में शाम 5:15 बजे से 6 बजे तक लोक संस्कृति की छटा बिखरेगी। कोमडो सांस्कृतिक दल द्वारा करमा नृत्य, कुनकुरी नगाड़ा दल द्वारा नगाड़ा वादन तथा वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा मलखंभ का प्रदर्शन किया जाएगा।
तीसरे सत्र में शाम 6 बजे से 6:45 बजे तक अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलन, प्रतीक चिन्ह भेंट, मुख्य अतिथि एवं विधायक का उद्बोधन तथा विभिन्न विभागीय स्टॉलों का भ्रमण होगा।
चौथे सत्र में शाम 6:45 बजे से 7:45 बजे तक स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा। जय हो नुक्कड़ नाटक दल द्वारा साइबर सिक्योरिटी विषय पर जागरूकता आधारित नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय कलाकार लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे।
पांचवें सत्र में शाम 7:45 बजे से 8:45 बजे तक संदीप शर्मा के नेतृत्व में 10 सदस्यीय दल द्वारा 'जशपुर झंकार' के अंतर्गत लोकगीतों की सांस्कृतिक संध्या प्रस्तुत की जाएगी।
छठवें सत्र में रात 8:45 बजे से 10 बजे तक भीम सुमन सांस्कृतिक दल के 15 सदस्यीय कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
अंतिम सत्र में रात 10 बजे से 10:30 बजे तक पुरस्कार वितरण, आभार प्रदर्शन एवं समापन समारोह आयोजित होगा।
राज्योत्सव के माध्यम से जिले की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, परंपरा और स्कूली विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच मिलेगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से आयोजन में शामिल होकर राज्योत्सव की खुशियों में सहभागी बनने की अपील की है।
